IAS अधिकारी बनकर गरीबों को फ्री पढ़ाना चाहता है बिहार बोर्ड मैट्रिक सेकेंड टॉपर विवेक ठाकुर

पटना

कड़ी मेहनत व लगन हो तो कोई बाधा आपको कामयाब होने से नहीं रोक सकती है। इसको साबित किया है लदनियां के छात्र विवेक कुमार ठाकुर ने। वनटोल निवासी मजदूर श्यामसुंदर ठाकुर के पुत्र विवेक कुमार ठाकुर ने बिहार बोर्ड मैट्रिक में सूबे में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्हें 486 अंक मिले हैं। विवेक न्यू अपग्रेड हाई स्कूल सिधप परसाही का छात्र है। विवेक कुमार ठाकुर ने बताया कि वह आईएएस बनकर गरीब तबके के छात्रों की नि:शुल्क पढ़ाई की व्यवस्था कराएगा। उसका परिवार फूंस और एस्बेस्टस के घर में रहता है। विवेक ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थित कमजोर है। वह अपने माता—पिता की चौथी संतान है। बड़े भाई पिता के साथ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। दोनों बड़ी बहनें मां के साथ गृहस्थी संभालती हैं।
 

15 दिनों के अंतराल पर जारी हुआ रिजल्ट
बिहार बोर्ड ने 15 दिनों के अंतराल में मैट्रिक और इंटर दोनों का रिजल्ट जारी कर दिया। पहले 16 मार्च को इंटर का रिजल्ट जारी किया गया था। अब 31 मार्च को मैट्रिक का रिजल्ट भी जारी कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर अभी देश के कई बोर्ड ने परीक्षा तक नहीं ली है। यहां तक कि सीबीएसई और अन्य बोर्ड की परीक्षा में अभी समय है।

मैट्रिक के रिजल्ट का इंतजार 65 लाख से अधिक लोगों को रहता है: शिक्षा मंत्री
रिजल्ट जारी करने के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि मैट्रिक के रिजल्ट का इंतजार कम से कम 65 से 70 लाख लोगों को रहता है। इस नतीजे के लिए पूरा परिवार प्रतीक्षा करता है। आज बहुत के घर में दिवाली और होली मनेगी पर जो पीछे रह गए हैं, उनके के लिए कोई समस्या नहीं है। उनकी भी परीक्षा जल्द ली जाएगी।

Exit mobile version