UPPSC PCS : रूस यूक्रेन युद्ध में भारत की विदेश नीति पर पूछा निबंध, जानें पहले दिन कितने अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

 प्रयागराज

UPPSC PCS : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) 2021 मुख्य परीक्षा बुधवार को तीन शहरों के 17 केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन बुधवार को प्रथम सत्र 9:30 से 12:30 बजे तक सामान्य हिंदी और दो से पांच बजे तक दूसरे सत्र में निबंध का प्रश्नपत्र था। दोनों में समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। रूस यूक्रेन युद्ध के बीच वर्तमान में भारत की विदेश नीति: दशा और दिशा पर निबंध लिखने को कहा गया।

निबंध का प्रश्नपत्र तीन खंडों में विभाजित था। प्रत्येक खंड में तीन-तीन विषय थे, जिसमें से एक-एक विषय पर अधिकतम 700 शब्दों में हिन्दी, अंग्रेजी या उर्दू में निबंध लिखना था। कुल 150 अंकों के प्रश्नपत्र में प्रत्येक निबंध के लिए 50 अंक तय हैं। 150 अंकों का ही हिन्दी का पेपर था जिसमें सभी प्रश्न अनिवार्य था। 20-20 अंकों का दो गद्यांश पूछा गया। महापौर की ओर से डेंगू से हो रही मृत्यु संबंधी एक सरकारी पत्र शासन को लिखने के लिए कहा गया था, जिसके लिए 10 अंक निर्धारित थे।

10 अंक का ही सवाल था कि अर्धसरकारी पत्र किसे कहते हैं और यह सरकारी पत्र से कैसे अलग होता है। दोनों का प्रारूप भी तैयार करना था। वाक्यों को शुद्ध करने के लिए पांच और वर्तनी संशोधित करने के लिए पांच अंक निर्धारित थे। हिन्दी में 10 मुहावरों/लोकोक्तियों के अर्थ और उनका वाक्य में प्रयोग करने को कहा गया था। इसके लिए 30 नंबर तय हैं।
 

परीक्षा में शामिल हुए 91.72 प्रतिशत
पीसीएस 2021 मुख्य परीक्षा में पहले दिन 91.72 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रयागराज व लखनऊ में छह-छह जबकि गाजियाबाद के पांच केंद्रों पर कुल 6487 में से 5950 उपस्थित हुए। गुरुवार को प्रथम सत्र में सामान्य अध्ययन प्रथम और द्वितीय सत्र में सामान्य अध्ययन द्वितीय का प्रश्नपत्र होगा।

Exit mobile version