अरुणाचल प्रदेश: चीन से सटी सीमा पर तैनात जवानों से मिलने पहुंचे थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे …

ईटानगर : भारत के थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे सोमवार सुबह अरुणाचल प्रदेश पहुंच गए। यहां उन्होंने चीन से सटे सीमाई इलाकों का दौरा किया और जवानों से मुलाकात की। जनरल पांडे ने एलएसी के करीब संवेदनशील क्षेत्रों का भी जायजा लिया। अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में एलएसी के पास भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प के करीब डेढ़ महीने बाद जनरल पांडे ने यह महत्वपूर्ण दौरा किया है। बताया गया है कि जनरल पांडे ने पूर्वी अरुणाचल में एलएसी के करीब तैनात सैन्य टुकड़ियों की तैयारियां देखीं। उन्हें सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। थलसेना प्रमुख ने जवानों को चौकसी बढ़ाने और मजबूती से निगरानी करने का मंत्र भी दिया। 

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को जनरल पांडे ने पूर्वी कमान के कोलकाता स्थित मुख्यालय का दौरा किया था। यहां उन्होंने अफसरों से अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत की सैन्य तैयारियों की समीक्षा की थी। अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी कमान के कोलकाता मुख्यालय के वरिष्ठ कमांडरों ने सेना प्रमुख को सैनिकों की तैनाती सहित विभिन्न परिचालन मामलों के बारे में जानकारी दी।

Exit mobile version