चाकू से हमले में घायल दिल्ली पुलिस के एएसआई ने दम तोड़ा

सीकर। मायापुरी इलाके में झपटमार को पकड़ने के प्रयास में चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल दिल्ली पुलिस के एएसआई शंभु दयाल ने रविवार तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दिल्ली पुलिस ने शंभु दयाल को शहीद बताते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके शव पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने शव को कंधा देकर वाहन तक पहुंचाया। राजस्थान के सीकर के गवली बिहारीपुर गांव के रहने शंभुदयाल के परिवार में उनकी पत्नी दो बेटी और एक बेटा है। अपना कर्तव्यपालन करते हुए शंभु दयाल की मौत से दिल्ली पुलिस के सभी कर्मियों में शोक व्याप्त है। रविवार को इनके निधन पर दिल्ली पुलिस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि बीएलके अस्पताल में उपचार के दौरान जांबाज एएसआई शंभु दयाल शहीद हो गए हैं। हमें अपने इस बहादुर अधिकारी के साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व है। कर्तव्यपथ पर जान न्यौछावर करने वाले बहादुर एएसआइ शंभु दयाल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। दिल्ली पुलिस की ओर से ट्वीट करने के बाद लोगों ने कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। लोगों ने मैसेज कर पीड़ित परिवार को कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की बात लिखी। मायापुरी थाना पुलिस ने घटना के दौरान ही एएसआई पर चाकू से हमला करने वाले झपटमार अनीस को गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब शंभु दयाल की मौत होने के बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ दी है।

Exit mobile version