दुनिया आज दो गुटों में बंटी है, लेकिन भारत मानवता के पक्ष में खड़ा है- पीएम मोदी

नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, 'आज नवरात्रि का पांचवां दिन है और आज हम मां स्कंदमाता का पूजन करते हैं। हमने देखा है कि मां स्कंदमाता कमल के सिंहासन पर विराजमान हैं और अपने दोनों हाथों में कमल के फूल लिए हुए हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनका आशीर्वाद भाजपा के प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता पर बना रहे।'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'इस साल भाजपा का ये स्थापना दिवस तीन कारणों से बहुत ही महत्वपूर्ण हो गया है। पहला- हम स्वतंत्रता के 75 वर्ष मना रहे हैं… जो हमारी प्रेरणा का सबसे बड़ा अवसर है, दूसरा- तेजी से बदलते वैश्विक हालात, जिससे भारत के लिए लगातार नए अवसर आ रहे हैं, और तीसरा- हाल ही में 4 राज्यों में भाजपा की डबल इंजन सरकार को जनता ने एक बार फिर से चुना है। तीन दशकों के बाद एक पार्टी ने राज्यसभा में 100 सदस्यों का आंकड़ा छुआ है।'

अपने संबोधन में पीएम ने कहा, 'ऐसा भी एक वक्त था, जब लोगों ने मान लिया था कि चाहे किसी भी पार्टी की सरकार बन जाए, देश के लिए कुछ नहीं किया जाएगा। लोगों के अंदर के भारी निराशा थी। लेकिन, आज देश का हर नागरिक गर्व से कह रहा है कि देश बदल रहा है और बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुनिया के सामने आज एक ऐसा भारत है, जो बिना किसी डर या दबाव के अपने हितों के लिए मजबूती से खड़ा है। जब पूरी दुनिया दो प्रतिद्वंद्वी गुटों में बंटी हुई है, उस समय भारत को एक ऐसे राष्ट्र के रूप में देखा जा रहा है, जो मानवता के बारे में मजबूती से बोल सकता है।'

Exit mobile version