
सीहोर। गर्मी की दस्तक के साथ ही शहर के जल संकट को गहराने से बचाने के लिए नगर पालिका प्रशासन सख्त हो गया है। शहर की प्यास बुझाने वाले पार्वती नदी स्थित काहिरी डैम से शाजापुर जिले के किसानों द्वारा की जा रही पानी की चोरी पर रविवार को नपा अमले ने सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलिस बल के साथ पहुंची 15 सदस्यीय टीम ने मौके से 6 विद्युत मोटरें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान किसानों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया और गाली-गलौज पर उतर आए, लेकिन नपा अमले ने कड़ा रुख अपनाते हुए जब्ती की कार्रवाई पूरी की।
बता दें नगर पालिका वर्तमान में शहर के 35 वार्डों की करीब 1.35 लाख की आबादी को दो दिन छोडक़र पानी की सप्लाई कर रही है। शहर में प्रतिदिन लगभग 80 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है। जल विभाग के अनुसार वर्तमान जलस्रोतों में जो पानी बचा है, उसे आगामी तीन महीनों सुरक्षित रखना अनिवार्य है। यदि इसी तरह पानी चोरी होती रही तो जून के महीने में शहर को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
विवाद के बीच हुई कार्रवाई
सूचना मिली थी कि शाजापुर जिले की सीमा से लगे किसान काहिरी डैम में मोटरें डालकर अवैध रूप से पानी खींच रहे हैं। रविवार को जल शाखा प्रभारी विजय कोली के नेतृत्व में टीम जब मौके पर पहुंची तो करीब 25 किसान वहां जमा हो गए। किसानों ने दूर से ही चिल्लाना और विरोध करना शुरू कर दिया। वे मोटरें ले जाने से रोक रहे थे और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। हालांकि नपा टीम ने बिना डरे कार्रवाई जारी रखी और चेतावनी दी कि दोबारा चोरी पकड़े जाने पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
शहर में पेयजल स्त्रोत
काहिरी डैम: 40 लाख लीटर
जमोनिया तालाब: 36 लाख लीटर
भगवानपुरा: 20 लाख लीटर
वर्तमान जलस्तर
काहिरी डैम: 460.92 मीटर
जमोनिया तालाब: 17.0 फीट
भगवानपुरा: 12.2 फीट
शहर की स्थिति
कुल वार्ड: 35
कुल कनेक्शन: 18,500
कुल मकान: 23000