7 साल के बच्चे ने 5 साल की बच्ची से किया रेप, कानून बेबस

कानपुर में आया चौंकाने वाला मामला

कानपुर। अब तक दुष्कर्म और बच्चियों के खिलाफ अपराध के कई तरह के मामले सामने आए हैं, लेकिन कानपुर में आए एक मामले से पूरा देश दहल गया है। यहां एक सात साल के बच्चे पर पांच साल की बच्ची से रेप करने का आरोप लगा है। इतनी छोटी उम्र में इतने गंभीर अपराध के बारे में जिसने भी सुना वह भौंचक्का रह गया है। सभी के मन में यह सवाल है कि हमारी नई जनरेशन में इतनी छोटी उम्र में यह अपराध प्रवृत्ति आखिर कैसे आ रही है। इधर कानून में इतनी छोटी उम्र के आरोपी पर कार्रवाई का प्रावधान नहीं है। पुलिस अब कोर्ट से आदेश मिलने का इंतजार कर रही है।

क्या है मामला
कानपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 सितंबर को बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान एक सात साल का बच्चा पांच साल की बच्ची को अपने साथ घर ले गया। कुछ देर बाद बच्ची रोेते हुए घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। बच्ची के परिजनों ने हंगामा किया और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पहली बार तो किसी को भी इस बारे में यकीन नहीं हुआ। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है, लेकिन कानून में 12 साल से कम उम्र के बच्चे पर कार्रवाई का अधिकार नहीं है, ऐेसे में अभी बच्चे की काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस ने कोर्ट से इस बारे में मार्गदर्शन मांगा है।

क्या गिरफ्तारी कर सकते हैं
भारतीय कानूनों के अनुसार 7 साल से 12 साल के बच्चों पर किसी तरह के मामले में केस तो दर्ज किया जा सकता है, लेकिन धारा सीआपीसी की धारा 82 के तहत उन्हें सजा नहीं दी जा सकती। उनकी काउंसलिंग कर सही गलत का फर्क बताया जा सकता है। इधर सात साल से कम उम्र पर तो केस भी दर्ज नहीं किया जा सकता।

घर घर पहुंच रहा पोर्न कंटेंट
वर्तमान समय में मोबाइल फोन और इंटरनेट की सहज उपलब्धता से बच्चों तक आसानी से एडल्ट कंटेंट पहुंच रहा है। वे देखे गए कंटेंट को दोहराने की चेष्टा करते हैं, हालांकि उनको इसके परिणाम की जानकारी नहीं होती है। मनोविशेषज्ञ बताते हैं कि नई पीढी शारीरिक और मानसिक रूप से समय से पहले मैच्योर होने लगी है।