आनंद उत्सव का पुरस्कार वितरण के साथ समापन, कलेक्टर इलेवन ने जीता क्रिकेट मैच

कलेक्टर ने विजेताओं को सराहा, बोले- स्वस्थ शरीर और मन के लिए खेल जरूरी

सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान में आयोजित जिला स्तरीय आनंद उत्सव का बुधवार को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर बालागुरु के. ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उत्सव का मुख्य आकर्षण प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच खेला गया मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच रहा। कलेक्टर इलेवन और एसपी इलेवन के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में कलेक्टर इलेवन की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 83 रनों से जीत दर्ज की।
पुरस्कारों की रही धूम
समापन समारोह में कलेक्टर ने केवल अधिकारियों और कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि जिले भर से आए शिक्षकों, बच्चों, युवाओं और नागरिक प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया। खेलकूद की अलग-अलग श्रेणियों में प्रथमए द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र सौंपे गए।
सप्ताह में दो दिन खेलें जरूर
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री बालागुरु ने कहा कि खेलकूद केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इससे हमारी मानसिक क्षमता और कार्यकुशलता भी बढ़ती है। उन्होंने अपील की कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हर व्यक्ति को सप्ताह में कम से कम एक या दो दिन खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।

Exit mobile version