
सीहोर। शहर में वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों का स्वागत अब एक भव्य और कलात्मक प्रवेश द्वार करेगा। शुक्रवार को विधायक सुदेश राय ने सैकड़ा खेड़ी जोड़ पर 1 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सिद्धपुर द्वार का भूमि पूजन किया। राजस्थानी कलाकृति और उत्कृष्ट स्थापत्य शैली से बनने वाला यह द्वार शहर की सुंदरता, गरिमा और पहचान में चार चांद लगाएगा। इस मौके पर विधायक ने शहरवासियों को एक और बड़ी खुशखबरी देते हुए घोषणा की कि आने वाले समय में सागर चौपला चौराहा और क्रिसेंट चौराहा पर भी इसी तरह के भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि आज सीहोर शहर के विकास की कड़ी में एक नया और स्वर्णिम अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने शहर के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा हमारा इतिहास गवाह है कि सीहोर को पहले सिद्धपुर के नाम से जाना जाता था। इसी प्राचीन गौरव को पुनर्जीवित करने के लिए सीहोर एंट्री के फोरलेन मार्ग पर इस सिद्धपुर द्वार का निर्माण किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आशीर्वाद से आज सीहोर चहुंमुखी विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है। पूरे क्षेत्र में करोड़ों-अरबों रुपये के विकास कार्य गति पकड़ रहे हैं, जिससे शहर की तस्वीर बदल रही है।
घर-घर नर्मदा जल की मिलेगी सौगात
विधायक सुदेश राय ने क्षेत्र की जनता के हित में कई और महत्वपूर्ण आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए इंदौर नाके से सुप्रसिद्ध गणेश मंदिर होते हुए रेलवे स्टेशन तक फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू होने वाला है। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद ने शहर की पुरानी जल समस्या को लगभग पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। नागरिकों को बहुत जल्द नर्मदा.पार्वती लिंक सिंचाई और पेयजल परियोजना का सीधा लाभ मिलने लगेगा, जिसके बाद सीधे नलों के माध्यम से हर घर में पीने के लिए माता नर्मदा का पवित्र जल पहुंचने लगेगा।
शहर की सुंदरता को बढ़ाएगा यह द्वार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान भी सैकड़ा खेड़ी जोड़ पर एक स्वागत द्वार का निर्माण कराया गया था। अब विधायक सुदेश राय की विशेष पहल और प्रयासों से एक बार फिर यहां एक भव्य और आधुनिक द्वार बनने जा रहा है, जो शहर को एक नई और सुंदर पहचान देगा। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद शहर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विधायक के मार्गदर्शन में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सीताराम यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारीए कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।