
सीहोर। जिले में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की दूरी एक बार फिर उजागर हुई है। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित टांडा से मेंडोरा मार्ग की दुर्दशा को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने प्रशासन और सत्ताधारी दल पर सीधा हमला बोला है। श्री गुजराती ने कहा कि तीन साल पहले जिस सडक़ का भूमिपूजन बड़े-बड़े वादों और ढोल-नगाड़ों के साथ किया गया था, वह सडक़ आज भी लापता है।
मामले को प्रमुखता से उठाते हुए राजीव गुजराती ने बताया कि विधानसभा चुनाव के समय इस महत्वपूर्ण मार्ग का भूमिपूजन किया गया था। उस समय फीते काटे गए, फोटो खिंचवाई गई और जनता को भरोसा दिलाया गया था कि अब उनके दुख दूर होंगे। लेकिन आज हकीकत यह है कि वह पत्थर तो वहीं खड़ा है पर सडक़ का कहीं नामोनिशान नहीं है। सवाल यह उठता है कि क्या वह भूमिपूजन सिर्फ चुनावी मंच की शोभा बढ़ाने और वोट बटोरने के लिए था।
धूल और गड्ढों से परेशान ग्रामीण
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि सडक़ का निर्माण न होने से टांडा और मेंडोरा क्षेत्र के ग्रामीणों का जीवन नरक बन गया है। ग्रामीण रोज कीचड़ और धूल से जूझ रहे हैं। सडक़ पर इतने गहरे गड्ढे हैं कि वे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। बरसात के मौसम में तो हालात इतने बदतर हो जाते हैं कि बीमारों को अस्पताल ले जाना तक दूभर हो जाता है। ठेकेदार और संबंधित विभाग की जुगलबंदी के कारण जनता को यह सजा भुगतनी पड़ रही है।
कार्रवाई करो या सडक़ बनाओ
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिला प्रशासन से दो टूक शब्दों में मांग की है। उन्होंने कहा ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। विकास सिर्फ पोस्टरों और बैनरों में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए। उन्होंने प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखी हैं कि लापरवाह ठेकेदार पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए। बिना किसी और देरी के इस सडक़ का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाए।
हादसों का सबब बना अधूरा मार्ग
क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि सडक़ अधूरी होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। धूल के गुबार की वजह से वाहन चलाते समय सडक़ पर दिखाई नहीं पड़ता, जिससे मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। राजीव गुजराती ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के हक के लिए उग्र आंदोलन करेगी।