
भोपाल
मिशन 2023 को लेकर प्रदेश कांग्रेस की आज शाम को अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे। वहीं पूर्व मंत्रियों को भी इस बैठक में बुलाया गया है। बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के बंगले पर आयोजित होगी।
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में कांग्रेस की जबरदस्त हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मिशन 2023 को लेकर पार्टी के सभी नेताओं को साधकर चलने का संदेश देने के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर आए हैं। दोनों ही नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से नाराज माने जाते हैं। इन दोनों नेताओं को पार्टी में महत्व देने के लिए अब पार्टी स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। इस बैठक में अरुण यादव और अजय सिंह को भी बुलाया गया है।
करीब 40 नेताओं की यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है कि कमलनाथ एक पद छोड़ने की इसमें बात कर सकते हैं। नाथ नेता प्रतिपक्ष का पद छोड़कर सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष का पद अपने पास रखे जाने की बात इसमें कर सकते हैं। वहीं राज्यसभा में किसे भेजा जाए इसे लेकर भी बातचीत हो सकती है। इस बार कांग्रेस संगठन में से किसी को भेजने का प्रयास किये जा सकते हैं। वहीं मिशन 2023 को लेकर भी यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कांग्रेस आने वाले समय में किन-किन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाए, जनता का आंदोलनों से कैसे जुड़ाव हो जैसे मुद्दों पर भी इसमें बातचीत हो सकती है। संगठन में चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी का स्वरूप जम्बो हो या निधारित संख्या में पदाधिकारी बनाए जाए जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है।
व्यापमं की गड़बड़ियों पर होगा आंदोलन
इधर कमलनाथ और युवा कांग्रेस के राष्टÑीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की समीक्षा की। समीक्षा बैठक से पहले जिला अध्यक्षों और विधानसभा अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़ी संगठन की रिपोर्ट यहां पर जमा की। प्रदेश युवा कांग्रेस पिछले 6 महीने से एक बूथ पांच यूथ का अभियान चला रही है। इन 6 महीनों में प्रदेश के 50 हजार बूथ पर अभी उसका काम अधूरा है। इसके अलावा आने वाले समय में युवा कांग्रेस किन-किन मुद्दों पर सड़कों पर उतरेगा, इसे लेकर भी फीड बैक लिया गया। वहीं युवा कांग्रेस के सभी को कहा है कि वे अपने क्षेत्र में बेरोजगारी का आंकड़े को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार को घेरने के लिए आंदोलन करें, इसमें बेरोजगार युवाओं को भी जोड़े, ताकि वे भी इस तरह के प्रदर्शन में शामिल रहे। वहीं व्यापमं में भर्ती परीक्षाओं को लेकर कांग्रेस जिन-जिन बिंदुओं को उठा रही है, उन पर जिलों में भी युवा कांग्रेस धरना-प्रदर्शन आयोजित करे।
युवाओं को बैठक व्यवस्था से करवाया परिचित
युवा कांग्रेस की यह बैठक में इस बार कुर्सियां नहीं रखी गई थी। सभी लोगों को गद्दों पर बैठाया गया था। बैठक में बताया गया कि पहले कांग्रेस की भी बैठक इसी तरह होती थी, जिसमें कुर्सी नहीं होती थी, सभी गद्दों पर बैठते थे।
ये रहेंगे पूर्व अध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों में दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव को इस बैठक में बुलाया गया है। वहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष में अजय सिंह मौजूद रहेंगे। कमलनाथ सरकार में रहे मंत्रियों को भी बैठक में बुलाया गया है।