
भोपाल
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कांग्रेस के स्थापना दिवस पर कहा कि हमें कांग्रेस की परम्परा पार्टी की मजबूती के लिए संकल्प लेना है। देश के लोकतंत्र और संविधान के सामने जो चुनौतियां हैं, उनका डटकर मुकाबला करने के लिए हर कांग्रेस कार्यकर्ता को तैयार रहना है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि हिन्दू गांधी को अपना आदर्श मानता है और हिंदुत्व गोडसे को मानता है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अब 2022 आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते रहे हैं कि 2022 में किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। अब 2022 आ गया है, देखते हैं कि किसकी आय कितनी हुई है। इसी परिप्रेक्ष्य में रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा 15 लाख तक का करप्शन सामान्य बताने पर दिग्विजय ने कहा कि 15 लाख का अंतरंग सम्बन्ध पीएम मोदी और भाजपा के साथ है। पहले पीएम मोदी ने कहा, अब उनके सांसद कह रहे हैं पर वे यह नहीं पूछना चाहते कि इसमें उनका हिस्सा कितना है? मीडिया से चर्चा में सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव कराने के मामले में भाजपा का निर्णय गलत साबित हो गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को मीडिया से चर्चा के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा उन पर लगाए जाने वाले आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वीडी शर्मा बच्चे हैं, नासमझ हैं। उनके बारे में क्या कहना…. । दिग्विजय के इस बयान पर वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि वे उम्र में बहुत बड़े हैं। बच्चा या तो कम उम्र में नासमझ होता है या फिर बहुत अधिक उम्र होने पर नासमझ हो जाता है। ऐसे में आप समझ सकते हैं कि बच्चा कौन है और नासमझ कौन है।