
नई दिल्ली
एक महिला के लिए बच्चे को जन्म देने के बाद अगले कुछ महीने का समय बहुत ही कठिन होता है, लेकिन पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बिस्माह मारूफ ने अपनी कड़ी मेहनत से कठिन काम को आसान बना दिया। जी हां, बिस्माह मारूफ ने 6 महीने पहले एक बेटी को जन्म दिया था और वे अब पाकिस्तान की टीम के लिए वुमेंस वर्ल्ड कप 2022 में खेल रही हैं। यहां तक कि 6 महीने की फातिमा उनके साथ ट्रेवल कर रही हैं और उनके लिए उन्होंने बेबी सेलिब्रेशन भी किया।
दरअसल, बिस्माह मारूफ के बेटी फातिमा का जिक्र उस समय सामने आया था, जब वे भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने से पहले बच्ची को गोद में लिए स्टेडियम आई थीं। इतना ही नहीं, मैच के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने भी बिस्माह मारूफ की हौसला अफजाई की थी और स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर समेत कई खिलाड़ी बिस्माह मारूफ की बेटी के साथ खेली थीं और उनकी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई थीं, जिन्हें काफी सराहना मिली।
वहीं, पाकिस्तान की टीम की कप्तान बिस्माह मारूफ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वुमेंस वर्ल्ड कप 2022 के अपने दूसरे मैच में दमदार अर्धशतक ठोका और फिर बेबी सेलिब्रेशन किया। बिस्माह मारूफ ने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि वे अपनी बेटी फातिमा को इस अर्धशतक को समर्पित करना चाहती हैं, जो अभी महज 6 महीने की हैं। भले ही आज के समय में फातिमा को इस बात का कोई ज्ञान नहीं होगा, लेकिन भविष्य में वे बड़ी होकर जब भी इस पल को देखेंगी तो उनको अपनी मां पर गर्व महसूस होगा।
बिस्माह मारूफ उस समय बल्लेबाजी करने उतरी थीं, जब टीम को 11 रन पर पहला झटका लगा था। इसके बाद वे पारी की आखिरी बॉल तक नाबाद रहीं। उन्होंने 122 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 78 रन की पारी खेली। उनके अलावा 53 रन आलिया रियाज ने बनाए। हालांकि, दोनों के ही बल्ले से धीमी पारी निकली और टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 ओवर खेलकर 6 विकेट खोकर 190 रन बना पाई।