रोहित शर्मा के फैन को आरसीबी टीम का मजाक बनाना भारी पड़ा

आरसीबी का मजाक बनाए जाने से नाराज दोस्त ने ही उसकी हत्या कर दी। हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पुलिस कस्टडी में है। पुलिस के अनुसार दोनों दोस्त शराब के नशे में विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर बहस कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी धर्मराज ने अपने दोस्त विगनेश की हत्या कर दी। मृतक की पहचान पी विगनेश के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 24 साल है। वहीं, आरोपी उसका दोस्त धर्मराज है, जिसकी उम्र 21 साल है। दोनों क्रिकेट के खेल में काफी रुचि रखते थे। मृतक विगनेश आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने वीजा का इंतजार कर रहा था। इसके बाद उसे नौकरी के लिए सिंगापुर जाना था।

तमिलनाडु के अरियालूर जिले में पोय्युर गांव के रहने वाले विगनेश और धर्मराज अच्छे दोस्त थे। दोनों को क्रिकेट का खेल काफी पसंद था और दोनों साथ में अक्सर क्रिकेट से जुड़े मामलों पर बहस किया करते थे। विगनेश रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस का फैन था, जबकि धर्मराज को विराट कोहली और आरसीबी की टीम पसंद थी। मंगलवार रात भी ये दोनों सिडको इंडस्ट्रियल इस्टेट के पास क्रिकेट पर बात कर रहे थे। दोनों शराब के नशे में थे।धर्मराज बोलते समय हकलाता था और विगनेश अक्सर इसका मजाक बनाया करता था। मंगलवार के दिन भी विगनेश ने धर्मराज के हकलाने का मजाक बनाया और आरसीबी की टीम के साथ विराट कोहली पर भी कई टिप्पणियां की। शराब के नशे में धर्मराज को यह पसंद नहीं आया और उसने अपने ही दोस्त पर बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद उसके सिर पर क्रिकेट बैट से भी वार किया और घटना स्थल से निकल गया।

Exit mobile version