यूपी चुनाव 2022: दादा के नाम पर लोगों को रिझाते दिखे जयंत चौधरी

अलीगढ़

जाटलैंड कहे जाने वाले अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र की जमीं पर गुरूवार को रालोद मुखिया जयंत चौधरी अपने दादा चौधरी चरण सिंह की खोई विरासत पाने की जुगत में दिखाई दिए। रालोद मुखिया ने अपने 20 मिनट के भाषण में 30 से ज्यादा बार किसानों के मसीहा यानि अपने दादा का नाम लिया। उनकी रीति-नीति, शासन को बार-बार याद दिलाया।

इगलास जिसे मिनी छपरौली भी कहा जाता है। यह विधानसभा रालोद के लिए काफी अहम भी है। इस सीट से चौधरी चरण सिंह की पत्नी गायत्री देवी व बेटी डा. ज्ञानवती भी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करा चुकी हैं। पश्चिमी यूपी में रालोद बाहुल्य वाली सीटों में इगलास सीट शामिल रही है।

2017 के चुनाव में इस सीट से रालोद का पत्ता साफ हो गया था। ऐसे में गुरूवार को इगलास में सपा-रालोद की संयुक्त परिवर्तन रैली में रालोद मुखिया जयंती चौधरी अपने दादा व पिता के नाम पर, उनकी नीतियों को याद कराते हुए जनता को संबोधित करते हुए नजर आए। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि आज 23 दिसंबर किसान दिवस है। यह तो आपका ही दिन है।

Exit mobile version