भाजपा 11 फरवरी से शुरू करेगी समर्पण निधि अभियान

भोपाल
 पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी से भाजपा समर्पण निधि का अभियान शुरू करेगी। पार्टी पिछले तीन सालों से समर्पण निधि का लक्ष्य प्राप्त नहीं कर पा रही है। पार्टी ने इस बार डेढ़ सौ करोड़ रुपये एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। जिसे डेढ़ महीने में जुटाया जाएगा। इस कार्य के लिए सभी जिलों में प्रभारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। सभी विधायक-सांसद और मंत्रियों को भी समर्पण निधि अभियान में मदद करनी होगी। पार्टी ने राशि एकत्रीकरण में पारदर्शिता के लिहाज से सौ से एक हजार रुपये तक के कूपन तैयार किए हैं। फिलहाल पार्टी हर जिले के लिए भी समर्पण राशि का लक्ष्य तय करने की तैयारी में है।

11 फरवरी को भाजपा समर्पण दिवस के रूप में मनाएगी। इस दिन से पार्टी आजीवन सहयोग निधि का अभ्ाियान प्रारंभ करेगी। पार्टी ने पहले इसका लक्ष्य सौ करोड़ रुपये तय किया था लेकिन अब इसे बढ़ाकर डेढ़ सौ करोड़ कर दिया गया है। इसके लिए संगठन ने नेताओं को जिलों का प्रभार भी सौंप दिया है। अनिल जैन कालूहेड़ा को समर्पण निधि संग्रह अभियान का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। संगठन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू किए जा रहे इस अभियान की समिति में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के राष्‍ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य सदस्य बनाये गये है।

Exit mobile version