अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरणीय संस्था यूएनएसीसीसी ने स्वामी सहजानंद सरस्वती को बनाया वर्ल्ड एसडीजी 16 एंबेसडर

अमिताभ पाण्डेय
भोपाल । ( अपनी खबर)

 मिशन ग्रीन फाऊंडेशन के संस्थापक स्वामी सहजानंद सरस्वती को पर्यावरण के लिए काम कर रही 79 देशों से जुड़ी अंतर्राष्ट्रीय संस्था यूएनएसीसीसी ने ‘ वर्ल्ड एसडीडी 16 एंबेसडर ’ नियुक्त किया है। उन्हें यह जिम्मेदारी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए दी गई है। उन्हें वर्ल्ड एसडीजी का एंबेसेडर दायित्व 2 वर्ष के लिए दिया गया है। संस्था के उच्चाधिकारी डॉ. रजत शर्मा ने बताया कि यूएनएसीसी वर्तमान में दुनिया के 79 देशों में पर्यावरण संरक्षण व क्लाइमेट चेंज कंट्रोल की दिशा में कार्य कर रही है।

इस संस्था में विभिन्न देशों के 9 डायरेक्टर 135 बोर्ड मैंबर हैं। संस्था की काउंसिल में ग्लोबल गवर्निंग काउंसिल, गवर्निंग काउंसिल, ज्यूडिसरी काउंसिल, लीगल काउंसिल, यूथ काउंसिल, मीडिया काउंसिल, रूरल काउंसिल आदि शामिल हैं। अनेक देशों में संस्था से लाखों पर्यावरण कार्यकर्ता जुड़े हुए हैं।  अब संस्था का एक मिलीयन नए पर्यावरण कार्यकर्ता जोडऩे का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण व पृथ्वी को बचाना है। लगातार बढ़ रहे पृथ्वी के तापमान व पर्यावरण परिवर्तन ने हमारे समक्ष बड़ी चुनौतियां खड़ी कर दी हैं जो कि निरंतर बढ़ती जा रही हैं।

इस पर दुनिया के सभी देशों के सांझा प्रयासों से ही नियंत्रण पाया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी मांग है। हम सबको मिलकर इसके लिए काम करना चाहिए।

 उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय संस्था यूएनएसीसीसी धरती को ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के अन्य प्रतिकूल प्रभावों से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था भारत सहित दुनिया के अन्य देशों में कम कार्बन विकास के अवसरों, सतत विकास लक्ष्य 2030 कार्यान्वयन की पहचान करने के लिए एक रणनीतिक ढांचा विकसित करने में लगी हुई है।

 सभी देशों को आपस में तालमेल बनाकर और बाधाओं को दूर करके पर्यावरण संरक्षण में आ रहे अवरोधों को दूर करने की आवश्यकता है। स्वामी सहजानंद सरस्वती  ने उन्हें यह दायित्व सौंपे जाने पर संस्था का आभार जताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण पृथ्वी पर रह रहे प्रत्येक मानव की जिम्मेवारी है।

मिशन ग्रीन फाऊंडेशन की स्थापना के समय ही उन्होंने निश्चय कर लिया था कि पूरे विश्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता फैलानी है। यूएनएसीसीसी ने उन्हें यह जिम्मेवारी देकर उनके उद्देश्य को दिशा प्रदान की है। इसके लिए वे संस्था के आभारी हैं। वे अथक प्रयास करके हमारी पृथ्वी बचाने तथा इस धरा को सुंदर, हरा-भरा तथा मानव व अन्य जीव-जंतुओं के रहने लायक बनी रहने के लिए सतत कार्य करते रहेंगे। स्वामी जी ने  बताया कि  हाल ही में वे  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले थे । उनसे भी इस विषय में विचार-विनिमय हुआ था।

स्वामी सहजानंद सरस्वती ने बताया कि मिशन ग्रीन फाऊंडेशन के माध्यम से उन्होंने पूरे देश में पॉलिथीन व प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण, मेरी शान मेरा थैला जैसे अभियान चलाकर ,  लाखों पेड़ लगाकर अपना  योगदान दिया है। हरिद्वार कुंभ मेले में भी उन्होंने संत-महात्माओं को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए एकजुट किया। पॉलिथीन व प्लास्टिक के निस्तारण के लिए कपड़े का थैला तथा इको ब्रिक्स जैसे उपायों को जन-जन तक पहुंचाया।

देश के विभिन्न शक्तिपीठों व प्रमुख प्रसिद्ध मंदिरों में भी कपड़े का थैला अपनाने का संदेश दिया गया। लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने, पर्यावरण को दूषित होने से बचाने , जल संसाधनों को बचाने के लिए भी निरंतर प्रेरित किया है। अब विश्व स्तर पर इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे ।पूरी दुनिया को पृथ्वी को बचाने व पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे।

Exit mobile version