रोगमुक्त जीवन का मंत्र देने रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड पर लगेगा मेगा योग शिविर

सीहोर। भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत को दुरुस्त रखने और मानसिक शांति पाने के लिए योग सबसे सशक्त माध्यम है। शहरवासियों को योग के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली से जोडऩे के उद्देश्य से रविवार को नि:शुल्क मेगा योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शहर के पुलिस परेड ग्राउंड में सुबह 7.00 बजे से 9.00 बजे तक होगा।
आयोजन समिति के सदस्य कपिल सूर्यवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो घंटे के विशेष शिविर में प्रसिद्ध योगाचार्य दिनेश शर्मा शहरवासियों को नियमित रूप से निरोग रहने के आसान तरीके, प्राणायाम और महत्वपूर्ण योगासनों की तकनीक सिखाएंगे।
प्रतिदिन लगती है योग की पाठशाला
बता दें पुलिस परेड ग्राउंड पर प्रतिदिन सुबह योग की नियमित पाठशाला आयोजित की जाती है। जहां शहर के कई प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक और युवा नियमित रूप से पहुंचकर योग का अभ्यास करते हैं। प्रतिदिन चलने वाली इस कक्षा में योगगुरु दिनेश शर्मा स्वयं सभी साधकों को योगाभ्यास कराते हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए और शहर के अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के ध्येय से इस बार रविवार को बड़े स्तर पर मेगा योग शिविर का रूप दिया गया है, ताकि नौकरीपेशा, व्यापारी और छात्र भी अपनी छुट्टी के दिन इसका लाभ उठा सकें।
घर से योग मैट लाना अनिवार्य
शिविर में शामिल होने वाले सभी शहरवासियों के लिए आयोजकों की ओर से एक विशेष अपील की गई है। शिविर में हिस्सा लेने आने वाले प्रत्येक नागरिक को अपने साथ योगा मैट लाना अनिवार्य होगा। आयोजकों ने आम जनता, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से अपील की है कि वे रविवार की सुबह समय निकालकर अधिक से अधिक संख्या में पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे और योगाचार्य दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में योग सीखकर अपने जीवन को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाएं।

Exit mobile version