रेहटी महाविद्यालय के प्राचार्य की अभाविप के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को जेल भिजवाने की धमकी!

- विद्यार्थियों ने लगाए महाविद्यालय में अनियमितताओं और मनमानी के आरोप, उच्च शिक्षा मंत्री को दिया शिकायती पत्र

सीहोर। जिले के रेहटी स्थित शासकीय महाविद्यालय में अब प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एव्हीबीपी) के कार्यकर्ताओं एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को जेल भिजवाने एवं झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसको लेकर एक शिकायती आवेदन पत्र भी उच्च शिक्षा मंत्री को दिया गया है। इस मामले से केंद्रीय मंत्री एवं सांसद शिवराज सिंह चौहान, क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव को भी अवगत कराया गया है। शिकायती पत्र में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर, सहायक ग्रेड-3 (बाबू) सुजीत राठौर सहित आउटसोर्स कर्मचारी पर मनमानी एवं दुव्यर्वहार सहित अनियमितताओं के भी आरोप लगाए गए हैं। यदि शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो एव्हीबीपी के पूर्व प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सन्नी चौहान ने कार्यकर्ताओं के साथ भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी भी दी है।
रेहटी महाविद्यालय इस समय जंग का मैदान बना हुआ है। यहां पर प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर, बाबू सहित आउटसोर्स कर्मचारी की मनमानियां लगातार सामने आ रही हैं। पहले प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा अतिथि विद्वानों को नोटिस देकर उन्हें प्रताड़ित किया गया तो वहीं अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं सहित विद्यार्थियों को भी जेल भिजवाने एवं झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
भूख हड़ताल की दी चेतावनी-
महाविद्यालय की मनमानी और अनियमितताओं को लेकर महाविद्यालय के विद्यार्थियों सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व पदाधिकारी सन्नी चौहान ने आमरण अनशन पर बैठने की भी चेतावनी दी है। यदि शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल करेंगे। इधर इस मामले में प्रभारी प्राचार्य मनोज राठौर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने नंबर ब्लॉक कर रखें हैं। व्हाटसअप पर भी कॉलिंग की गई, लेकिन कोई जबाव नहीं दिया।

Exit mobile version