
सीहोर। जिले में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और यह 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि बीते 24 घंटों में दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह और देर रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है, हालांकि दिन में तेज धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है। सुबह के समय घर से बाहर निकलने वाले लोग अब स्वेटर, जैकेट और अन्य गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। रात में पारा गिरने से ठंड का अहसास तेज हो जाता हैए वहीं दोपहर में धूप के कारण मौसम सामान्य और हल्का गर्म बना रहता है।
उत्तर-पूर्वी हवाओं ने बढ़ाई सिहरन
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सीहोर में उत्तर-पूर्व दिशा से ठंडी हवाएं चल रही हैं। गुरुवार 19 नवंबर सुबह हवा की गति लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इन शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के तापमान में लगातार गिरावट महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के दूसरे पखवाड़े में उत्तर भारत की ओर से आने वाली सर्द हवाओं का प्रभाव बढऩे लगता है। इसके अलावा रात के समय आसमान साफ रहने से धरती की गर्मी तेजी से वातावरण में ऊपर चली जाती है, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
आमजन और किसानों के लिए सलाह
तापमान में हो रहे इस उतार.चढ़ाव को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने तथा सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से अपील की है कि वे फसलों में नमी की स्थिति और मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें। 21 और 22 नवंबर को बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए ही सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।