खाईखेड़ा से लापता तीनों लोगों का सुराग देने पर मिलेगा 30 हजार का इनाम, डीआईजी ने 24 घंटे में ही बढ़ाई पुरस्कार राशि

24 अक्टूबर को खेत पर बोनी करने गए थे ओमवती बाई, सुरेश दांगी और राजेश दांगी, 4 नवंबर से बंद है मोबाइल संपर्क

सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक ही परिवार के तीन सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस महकमे ने अपनी मुहिम और तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी भोपाल देहात रेंज राजेश सिंह चंदेल ने लापता लोगों की सूचना देने वाले को अब 30 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। खास बात यह है कि पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही इनाम की राशि में 10 हजार रुपये की बढ़ोतरी की है।
बता दें लापता व्यक्तियों का सुराग लगाने के लिए डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने एक दिन पहले यानी 17 नवंबर को ही 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। लेकिन मामले की संवेदनशीलता और तीनों की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अगले ही दिन 18 नवंबर को इस राशि को 20 हजार से बढ़ाकर सीधे 30 हजार रुपये कर दिया गया है।
खेत पर बोनी करने गए थे तीनों, 4 नवंबर से टूटा संपर्क
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम खाईखेड़ा निवासी ओमवती बाईए सुरेश डांगी और राजेश डांगी गत 24 अक्टूबर को अपने खेत पर बोनी करने के लिए गए थे। शुरुआत में परिजनों से उनकी बात होती रहीए लेकिन 4 नवंबर को जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास कियाए तो उनका फोन नहीं लगा। जब परिजनों ने खेत पर बने मकान में जाकर उनकी तलाश कीए तो वहां तीनों में से कोई भी नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने तत्काल थाना अहमदपुर में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गोपनीय
अहमदपुर पुलिस और जिले की विशेष टीमें तीनों लापता व्यक्तियों की पतारसी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश में जुटी हैं। डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति लापता तीनों नागरिकों की तलाश में कोई ठोस और उपयोगी सूचना देगा अथवा उनकी सकुशल बरामदगी में पुलिस का सहयोग करेगा, उसे 30 हजार रुपये का नगद इनाम प्रदान किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और नाम को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

Exit mobile version