बुधनी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, घर में मिले पति-पत्नी और बेटे के खून से लथपथ शव, तीनों के सिर पर चोट के निशान

सीहोर। बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक 12 में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई। घर के अंदर पति, पत्नी और उनके बेटे के खून से सने शव मिले हैं। तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार रात घर में सोते समय अज्ञात हमलावरों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। मृतकों की पहचान राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन मीणा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार परिवार ने घर में 7-8 बकरा.बकरी पाल रखे थे। बुधवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और पालतू बकरा-बकरी भूख-प्यास से लगातार चिल्लाते रहे तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। बकरा-बकरी बाहर आ गए थे, लेकिन परिवार का कोई सदस्य नजर नहीं आया। जब पड़ोसियों ने घर के भीतर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर राकेश, राधा और उनके बेटे के शव खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे।
पैर फ्रैक्चर होने से घर पर ही रह रहे थे राकेश
आसपास के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक राकेश मीणा की स्थानीय सब्जी बाजार में जूते-चप्पल की दुकान थी। बीते नवरात्रि के समय बुधनी ब्रिज पर उनके ऑटो का एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उनका पैर फ्रैक्चर हो गया था। पैर में चोट होने के कारण वे इन दिनों दुकान न जाकर घर पर ही आराम कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार को आखिरी बार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे देखा गया था।
मौके पर जुटी भारी भीड़, जांच में जुटी पुलिस
एक ही परिवार के तीन लोगों की इस तरह निर्मम हत्या की खबर पूरे नगर में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते वार्ड नंबर 12 स्थित घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में भय का माहौल है। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि घर के अंदर से राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन के शव बरामद हुए हैं। तीनों के सिर पर चोट के गहरे निशान हैं, जिससे हत्या की पुष्टि होती है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश है, लूटपाट का इरादा था या कोई अन्य कारण। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Exit mobile version