
सीहोर। अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाईखेड़ा से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीआईजी भोपाल देहात रेंज राजेश चंदेल के निर्देश पर लापता व्यक्तियों की सटीक सूचना या उनकी बरामदगी में सहयोग करने वाले को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खाईखेड़ा निवासी सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती बाई और बेटा राजेश 24 अक्टूबर को खेत पर बोनी करने गए थे। इसके बाद 4 नवंबर को संपर्क करने पर जब उनका फोन नहीं लगा और वे खेत पर बने मकान में भी नहीं मिले तो अहमदपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीआईजी राजेश चंदेल ने संभाली कमान
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी राजेश चंदेल ने खुद कमान अपने हाथों में ले ली है। दो दिन पहले डीआईजी चंदेल ने खुद ग्राम खाईखेड़ा पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और लापता परिजनों के घर जाकर बात की। उनके सख्त निर्देशों के बाद से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
मौके से मिली फफूंद लगी रोटी
पुलिस पड़ताल के दौरान पुलिस को एक नाले के पास लापता परिवार की मोटरसाइकिल, फफूंद लगी रोटियों से भरा टिफिन, एक हंसिया और लौटा बरामद हुआ है। इन संदिग्ध वस्तुओं के मिलने से अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई है। पुलिस आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही डॉग स्क्वॉड और तकनीकी मदद से हर पहलू की जांच कर रही है।
बेटी और मामाओं के दावों के बीच उलझी गुत्थी
लापता दंपती की बेटी किरण दांगी ने जनसुनवाई में पहुंचकर अपने ही मामा डालचंद और चंदन पर साक्ष्य छिपाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि घटना की रात उसके मामा भी वहीं मौजूद थे और अगले ही दिन घटनास्थल की एक दीवार पर लाल रंग पोतकर साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की गई।
दूसरी ओर आरोपी बताए जा रहे दोनों मामाओं ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचकर खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने दावा किया कि जमीन का विवाद कोर्ट में विचाराधीन है और कानूनी शिकंजे से बचने के लिए सुरेश दांगी ने खुद ही परिवार के साथ मिलकर गायब होने का नाटक रचा है। उन्होंने पुलिस को दीवार खुदवाकर भी जांच करने की चुनौती दी है।