बगवाड़ा में विद्युत सामग्री से भरे कारखाने में लगी भीषण आग, आधा दर्जन दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

बुधनी, वर्धमान और ट्राइडेंट के साथ नर्मदापुरम से भी बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड

सीहोर। बुधनी तहसील मुख्यालय के नजदीक ग्राम बगवाड़ा स्थित जेसी एंड संस के कारखाने में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कारखाने में रखी भारी मात्रा में विद्युत सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि इसे बुझाने के लिए स्थानीय दमकलों के साथ-साथ पड़ोसी जिले नर्मदापुरम से भी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। करीब आधा दर्जन दमकलों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही बुधनी नगर परिषद की फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंच गई। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास स्थित बड़ी औद्योगिक इकाइ वर्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी की दमकल गाडिय़ों को भी राहत कार्य में लगाया गया, लेकिन कारखाने के अंदर प्लास्टिक, केबल वायर और ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण लपटें बेकाबू होती जा रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल नर्मदापुरम से भी फायर ब्रिगेड की गाडय़िां मंगवाईं। लगभग आधा दर्जन दमकलों की संयुक्त टीम ने लगातार पानी की बौछार कर कड़ी मेहनत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया।
लाखों के नुकसान की आशंका, आकलन जारी
जानकारी के अनुसार इस कारखाने के संचालक हरियाणा निवासी दीपक शर्मा हैं। यहां से केबल वायरए ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों व सामग्री का बड़े स्तर पर कारोबार किया जाता है। आगजनी की इस घटना में कारखाने के भीतर रखा लाखों रुपये का माल जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाए जाने के बाद अब प्रशासन और कारखाना प्रबंधन द्वारा वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जांच के बाद सामने आएंगे कारण
कारखाने में आग किस कारण से लगी यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही सही कारण सामने आ सकेगा। इधर घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस बल भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया था और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। थाना प्रभारी सुनील ठाकुर ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया था। स्थिति को देखते हुए नर्मदापुरम से भी अतिरिक्त दमकल बुलाई गई, जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version