प्रीतम लोधी के खिलाफ ब्राह्मण समाज का फूटा गुस्सा, फूंका पुतला, सौंपे ज्ञापन

सीहोर में सर्व ब्राह्मण समाज ने किया प्रदर्शन

सीहोर.  मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं फायर ब्रांड नेता उमा भारती के रिश्तेदार प्रीतम लोधी द्वारा शिवपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम में ब्राह्मणों एवं कथावाचकों को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान के बाद ब्राह्मण समाज का गुस्सा फूट पड़ा है। वे सड़कों पर आकर प्रीतम लोधी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं एवं प्रशासन से सख्त-सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में सीहोर में भी सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा प्रीतम लोधी के खिलाफ विरोध, प्रदर्शन किया गया एवं पुतला फूंक कर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इससे पहले शहर के खजांची लाइन स्थित सर्व ब्राह्मण समाज की धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया। उसके बाद जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजपा नेता प्रीतम लोधी के खिलाफ जिला प्रशासन से शिकायत की गई एवं पुतला फूंका गया। इस मौके पर समाज के कार्यकारी अध्यक्ष सुदीप व्यास, प्रदीप समाधिया, बब्बल गुरु, सर्व ब्राह्मण हितकारी संस्था के अध्यक्ष मनोहर शर्मा, प्रवीण तिवारी, राजेन्द्र शर्मा, दीपक शर्मा, नितिन उपाध्याय, मनोज दीक्षित मामा, केके रिछारिया, कपिल रजोरिया, राजेश दुबे, दीपक पुरोहित, गणेश तिवारी, रूपेश तिवारी, आनंद पाठक, मनोज शर्मा आदि शामिल थे।

Exit mobile version