हरदा से भोपाल जा रही बस में तोड़फोड़, चालक-परिचालक से मारपीट

रेहटी। हरदा से भोपाल जा रही इंदिरा बस सर्विस की यात्री बस में बुधवार सुबह करीब 10 बजे बोरी काला गेट के पास मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। आरोप है कि कई लोगों ने बस को रोककर चालक और परिचालक के साथ जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
जानकारी के अनुसार इंदिरा बस हरदा से यात्रियों को लेकर भोपाल जा रही थी। इसी दौरान ओव्हर टेक को लेकर बोरी काला गेट के पास कुछ लोगों ने बस को रोक लिया। आरोप है कि 20 से अधिक लोगों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की तथा बस में तोड़फोड़ करते हुए पत्थर भी फेंके। करीब आधे घंटे तक बस रोके जाने के दौरान मौके पर उपद्रव होता रहा। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यात्री दहशत में आ गए। ऐसे हालात में चालक और परिचालक ने किसी तरह यात्रियों को सुरक्षित रखते हुए बस को वहां से आगे निकाला। पुलिस ने घटना के बाद बस ड्राइवर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इनका कहना है-
बोरी के पास इंदिरा बस सर्विस के चालक-परिचालक के साथ मारपीट की घटना से संबंधित वीडियो सामने आया। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है एवं जांच की जा रही है।
– हिमलेंद्र पटेल, थाना प्रभारी रेहटी

Exit mobile version