आष्टा के पूर्व विधायक रंजीत सिंह गुणवान का निधन, गृह ग्राम खामखेड़ा जत्रा में हुआ अंतिम संस्कार

आष्टा के पूर्व विधायक रंजीत सिंह गुणवान का निधन, गृह ग्राम खामखेड़ा जत्रा में हुआ अंतिम संस्कार

सीहोर/आष्टा। आष्टा विधानसभा से चार बार भारतीय जनता पार्टी से विधायक रहे वरिष्ठ नेता रंजीत सिंह गुणवान का 81 वर्ष की उम्र में दुखद निधन हो गया। रविवार सुबह 11 बजे उनके गृह ग्राम खामखेड़ा जत्रा में उनका अंतिम संस्कार किया गया। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती ने बताया कि कांग्रेस पार्टी से ग्रामीण राजनीति से अपना राजनीतिक कैरियर शुरू करने वाले स्व. रंजीत सिंह गुणवान आष्टा तहसील के ग्राम खामखेड़ा जत्रा के मूल निवासी थे। यहीं से उन्होंने पंच के पद से अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। उसके बाद वे आष्टा कृषि उपज मंडी के संचालक, जनपद पंचायत के सदस्य भी चुने गए। वर्ष 1992 में कांग्रेस से मोह भंग हो जाने के बाद वे 1992 में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुंदरलाल पटवा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के कुछ माह बाद हुए विधानसभा के चुनाव में उन्हें भाजपा ने आष्टा से अपना प्रत्याशी बनाया और वे विजय हुए। उसके बाद भाजपा में लगातार उनका कद बढ़ता गया। स्व. गुणवान वर्ष 1993 से 1998 तक, वर्ष 1998 से 2003 तक लगातार 2 बार आष्टा के विधायक रहे। उसके बाद 2008 से 2013 तथा 2013 से 2018 तक फिर दो बार विधायक रहे। उनके कार्यकाल में आष्टा क्षेत्र में विकास के कई बड़े-बड़े कार्य हुए। अपने सरल, सौम्य व्यवहार के कारण वे हमेशा सभी में लोकप्रिय रहे। स्व. गुणवान अपने पीछे 5 भाईयों का करीब 100 सदस्यों का भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। श्री गुणवान के निधन की खबर से सीहोर जिला भाजपा में शोक की लहर छा गई है। पूर्व विधायक रणजीत सिंह गुणवान के निधन पर विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, करण सिंह वर्मा, सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक अजीतसिंह सहित सीहोर जिले के समस्त भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों ने गहन दुख व्यक्त किया एवं शोक श्रद्धांजलि अर्पित की।

Exit mobile version