हर घर तिरंगा अभियान : कलेक्टर ने साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी, विद्यार्थियों ने भी लोगों से अपील

महिला बाल विकास विभाग ने भी चलाया अभियान

सीहोर। देश की आजादी को 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक जिलेभर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने एवं स्वतंत्रता सप्ताह में 13 से 15 अगस्त तक हर घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले भर में अनेक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 6 अगस्त को सुबह साइकिल रैली आयोजित की गई। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने आवासीय परिसर से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इधर महिला एवं बाल विकास द्वारा भी रैली निकालकर लोगों को हर घर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इससे पहले सीहोर पोस्ट आॅफिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए नगर में रैली निकाली एवं लोगों को अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित भी किया।
आवासीय खेल परिसर से शुरू हुई रैली-
साइकिल रैली सुबह करीब 9 बजे आवासीय खेल परिसर से शुरू हुई। कलेक्टर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बड़Þी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी इसमें शामिल हुए। साइकिल रैली आवासीय विद्यालय से बस स्टैंड होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों पर घूमी। रैली का समापन पुराने कलेक्ट्रेट के पास बालविहार मैदान पर हुआ। इधर आष्टा में भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर सीएम राइज स्कूल के 1500 छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। स्कूली बच्चे नगर के विभिन्न मार्गों पर घूमे एवं लोगों को हर घर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया।
महिला बाल विकास ने भी चलाया अभियान-
महिला बाल विकास विभाग सीहोर द्वारा भी हर घर तिरंगा अभियान के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान आंगनबाड़ी सहायिकाएं, कार्यकर्ताओं सहित अन्य स्टॉफ ने भी तिरंगा हाथ में लेकर रैली निकाली।