
भैरुंदा। अमानक बीज बेचने वाले लाड़कुई स्थित जैन कृषि सेवा केंद्र में फिर से गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस बार जैन कृषि सेवा केंद्र में किसान से खाद के टोकन के बाद भी अतिरिक्त राशि की मांग की गई है। किसान का आरोप है कि उससे प्रति बोरी 100 रूपए अतिरिक्त मांगे गए, लेकिन उन्होंने देने से मना कर दिया तो उन्हें खाद भी नहीं दिया गया। मामला सामने आने के बाद एसडीएम भैरूंदा सुधीर कुशवाह ने जांच के निर्देश दिए हैं एवं अधिकारियों की निगरानी में खाद वितरण कराने की बात कही है। यहां बता दें कि जैन कृषि सेवा केंद्र लाड़कुई पर अमानक बीज बेचने के आरोप भी लगे थे। जांच में यह आरोप सही पाए जाने पर लाइसेंस भी निलंबित किया गया था। हालांकि बाद में सांठ-गांठ करके लाइसेंस वापस ले लिया गया। अब किसान से खाद के अतिरिक्त पैसे मांगने के आरोप भी लगे हैं।
खाद के लिए किसान हो रहे परेशान-
तीन घंटे तक भटकता रहा किसान-
किसान का आरोप है कि खाद लेने के लिए उसे करीब तीन घंटे तक इधर-उधर घुमाया गया, लेकिन अंत में उसे खाद नहीं दी गई और वह खाली हाथ घर लौटने को मजबूर हुआ। किसान का यह भी दावा है कि उसी दौरान कुछ अन्य लोगों को पैसे लेकर खाद दिया गया है। इसका वीडियो भी बनाया गया है। एक अन्य किसान से भी निर्धारित राशि से अधिक पैसे लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं। किसान के अनुसार, 27 हजार की खाद के बदले 28 हजार लिए गए। इतना ही नहीं, भुगतान दुकान संचालक के मोबाइल नंबर पर न कराकर कथित तौर पर कर्मचारी के मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर करवाए जाने की बात भी सामने आई है।
वीडियो की जांच से सामने आ सकता है सच-
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य किसान द्वारा बनाया गया वीडियो और डिजिटल भुगतान का रिकॉर्ड हो सकता है। प्रशासन यदि वीडियो फुटेज, ई-टोकन रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, बिल तथा संबंधित मोबाइल नंबरों पर हुए भुगतान की जांच करे तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है। अब निगाहें कृषि विभाग और जिला प्रशासन पर हैं कि वे किसान के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराते हैं या नहीं।