
सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन में मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल (2.0) योजना तथा मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 15948 श्रमिक परिवारों के खातों में अनुग्रह सहायता राशि के रुप में 345 करोड़ 59 लाख रुपए अंतरित किए। इसमें सीहोर जिले के 210 हितग्राहियों के खाते में 4 करोड़ 76 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में भवन एवं अन्य कर्मकार मंडल के श्रमिकों को नवीन श्रमिक कार्ड भी वितरित किए गए।
जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुदेश राय, जनपद अध्यक्ष नावड़ी बाई, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया। मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना के हितग्राहियों को अंतरित की गई राशि के प्रतीक स्वरूप चेक तथा मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के हितग्राहियों को श्रमिक कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर रायसेन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस कार्यक्रम के साथ ही जिले के सभी नगरीय निकायों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।