भूकंप से मलबे का ढेर बन गया है मोरक्को, अब तक 2 हजार से ज्यादा मौतें

कई लोग अब भी मलबे में दबे, खुले में रात बिताने को मजबूर लाखों लोग

रबत। अफ्रीकी देश मोरक्को में शुक्रवार देर रात आए भूकंप में अब तक 2,012 लोगों की मौत हो चुकी है। बीबीसी के मुताबिक, 2,059 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से 1404 की हालत गंभीर है। किंग मोहम्मद ने 3 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने पीड़ितों को खाना, आवास और दूसरी मदद देने का आदेश दिया है।

भूकंप की तीव्रता पर मतभेद
मोरक्को जियोलॉजिकल सेंटर के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.2 थी। हालांकि अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी तीव्रता 6.8 बताई है। साथ ही कहा कि ये इस इलाके में 120 साल में आया सबसे ताकतवर भूकंप है। संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक भूकंप की वजह से 3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

कई इमारतें ढहीं
मोरक्को के स्टेट टेलीविजन ने बताया कि भूकंप की वजह से कई इमारतें ढह गईं हैं। भूकंप का एपिसेंटर एटलस पर्वत के पास इघिल नाम का गांव बताया गया, जो माराकेश शहर से 70 किलोमीटर की दूरी पर है। भूकंप की गहराई जमीन से 18.5 किलोमीटर नीचे थी। पुर्तगाल और अल्जीरिया तक भूकंप के झटके महसूस किए गए।