मंत्री बिसाहूलाल सिंह की टिप्पणी से नाराज करणी सेना ने पुतला फूंका

रेहटी। प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह को सवर्ण महिलाओं पर टिप्पणी करना भारी पड़ गया। महिलाओं पर की गई टिप्पणी से नाराज  श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने उनका पुतला फूंककर विरोध जताया। करणी सेना ने इस संबंध में थाना प्रभारी, तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा।
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नगर अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने कहा कि मंत्री बिसाहू लाल सिंह द्वारा जो टिप्पणी सवर्ण महिलाओं को लेकर की गई है वह बेहद अशोभनीय है। वे महत्वपूर्ण पद पर हैं और उन्हें इस तरह की भाषा नहीं बोलना चाहिए। यहां बता दें कि मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने पिछले दिनों शहडोल में कहा था सवर्ण समाज के लोग अपने घर की महिलाओं को कोठरी में बंद कर देते हैं। आंगन लिपने, धान काटने और गोबर उठाने का काम दूसरी महिलाएं करती हैं। इससे समाज में समानता कैसे आएगी। उन्होंने कहा था कि हम यहां भाषण देंगे और करेंगे कुछ नहीं, तो महिलाएं कैसे आगे बढ़ेंगी। वहां मौजूद लोगों को भड़काते हुए उन्होंने कहा कि आप बड़े-बड़े ठाकुर महिलाओं को घर से खींचकर लाओ और उनसे काम करवाओ। जब ये मामला मीडिया की सुर्खियों में आया तो मंत्री को इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी। हालांकि मंत्री बिसाहू लाल सिंह के इस बयान के बाद भोपाल सहित प्रदेश में कई जगहों पर कांग्रेस और सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया और उनका पुतला दहन किया था।

Exit mobile version