भाजपा प्रदेश संगठन के आदेश हवाहवाई, चकल्दी मंडल ने नहीं मनाई डॉ. अंबेडकर जयंती

मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक थे जयंती मनाने के निर्देश

सीहोर-रेहटी। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन द्वारा सभी मंडलों पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सीहोर जिले के चकल्दी मंडल के आगे संगठन के ये निर्देश हवाहवाई हो गए। चकल्दी मंडल पर कार्यक्रम को लेकर कोई तैयारियां नहीं की गर्इं, सिर्फ तीन लोगों ने खानापूर्ति करके डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी। कार्यक्रम को लेकर हर बूथ पर आयोजन होने थे, लेकिन चकल्दी मंडल के बूथों पर भी यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए।
भाजपा संगठन में पद पाने के लिए नेता अपने आपको खूब बढ़ा-चढ़ाकर पेश तो कर देते हैं, लेकिन उनके आगे संगठन के आदेशों की कोई कीमत नहीं। वे तो अपने हिसाब से ही संगठन में काम करते हैं। ऐसा ही मामला सीहोर जिले के चकल्दी मंडल में भी सामने आया है। दरअसल 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को लेकर भाजपा के राष्टÑीय संगठन से लेकर प्रदेश संगठन तक के निर्देश थे कि मंडल स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यक्रम आयोजित करना है। इसको लेकर प्रदेश भाजपा द्वारा सामाजिक न्याय पखवाड़ा भी मनाया जा रहा है, लेकिन चकल्दी मंडल के जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा न तो आदेशों की चिंता की गई और न ही उनके आगे डॉ. अंबेडकर के मूल्यों की चिंता है।
औपचारिकताएं मात्र रह गए संगठन के आदेश-
चकल्दी मंडल के लिए भाजपा प्रदेश संगठन के आदेश सिर्फ औपचारिकता मात्र रह गए हैं। शायद यही कारण है कि वे संगठन के आदेशों का पालन ही नहीं करते। संगठन द्वारा समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों को लेकर कार्यक्रम निर्धारित किए जाते हैं, लेकिन मंडल में उन कार्यक्रमों को लेकर भी जागरूकता नहीं रहती। बताया जा रहा है कि चकल्दी मंडल द्वारा पार्टी की आजीवन सदस्यता निधि का लक्ष्य भी अब तक पूरा नहीं किया गया है, जबकि ज्यादातर मंडलों ने यह लक्ष्य समय से पहले ही पूरा कर दिया है।
ये थे प्रदेश भाजपा संगठन के निर्देश-
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सामाजिक न्याय पखवाड़ा के प्रदेश प्रभारी हरिशंकर खटीक ने बताया कि 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर बाबा साहब जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 14 अप्रैल को जयंती के अवसर पर भाजपा ने अपने सभी 65 हजार बूथों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया था। श्री खटीक ने बताया कि जयंती कोे लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। 14 अप्रैल को सभी बूथों में भारत रत्न डॉ. अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान सेवाकार्य भी किए जाएंगे। इसके तहत साफ-सफाई, स्कूलों के बच्चों का सम्मान करना सहित सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
नहीं उठाया फोन-
इस संबंध में चर्चा करने के लिए चकल्दी मंडल अध्यक्ष शेष नारायण पंवार को उनके मोबाइल नंबर 9826368279 पर फोन लगाया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसी तरह अजा मोर्चा के चकल्दी मंडल अध्यक्ष चंदर सिंह को भी उनके मोबाइल नंबर 9009568310 पर फोन लगाया, लेकिन उनका आउट आॅफ कवरेज बताता रहा।

Exit mobile version