Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

बुधनी उपचुनाव का मैदान, मोर्चा संभालेंगे डॉ. मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान…

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने दिया बुधनी के नेताओं, कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र

सुमित शर्मा, सीहोर
सीहोर जिले का बुधनी विधानसभा इस समय राजनीतिक लड़ाई का मैदान बना हुआ है। यहां पर 13 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। इस राजनीतिक जंग के मैदान में 19 योद्धा हैं, लेकिन भाजपा-कांग्रेस के योद्धाओं के बीच में चुनावी जंग है। अब इस राजनीतिक जंग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मैदान संभालेंगे। वे बुधनी विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी बनाए गए रमाकांत भार्गव के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के समर्थन में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी, उपचुनाव के प्रभारी शैलेंद्र पटेल, वरिष्ठ नेता अरूण यादव सहित अन्य नेता चुनावी सभाओं को संबोधित करके कांग्रेस के लिए वोट मांग चुके हैं। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य नेता भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव के लिए मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 नवंबर को दोपहर 2.15 बजे बुधनी विधानसभा की भैरूंदा तहसील के ग्राम पिपलानी एवं 4.30 बजे ग्राम छिदगांव काछी में आमसभाओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी रहेंगे। इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री रेहटी तहसील में आमसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधनी विधानसभा उपचुनाव में बुधनी, सलकनपुर, शाहगंज मंडल के कार्यकर्ताओं से सलकनपुर स्थित धर्मशला में संवाद किया एवं सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें जीत के मंत्र भी दिए।

शिवराज सिंह खुद के लिए कभी नहीं आए –
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी विधानसभा से चुनाव जीतकर 18 वर्षों तक मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते रहे। वे 2005 में बुधनी विधानसभा से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने। इसके बाद हुए विधानसभा के चुनावों में वे प्रदेशभर में चुनावी सभाएं एवं प्रचार-प्रसार करते रहे, लेकिन खुद की विधानसभा में वे अपने लिए वोट मांगने नहीं आए। बुधनी में उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह, बेटा कार्तिकेय सिंह चौहान सहित यहां के नेताओं ने मोर्चा संभाले रखा एवं शिवराज सिंह चौहान यहां से वोटों के बड़े अंतराल से जीतते भी रहे। 2023 के विधानसभा चुनाव में भी शिवराज सिंह चौहान ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की। इसके बाद वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें विदिश संसदीय सीट से टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार दिया। वे यहां से भी रिकार्ड मतों से विजयी हुए। उन्हें केंद्र में कृषि मंत्री बनाया गया तो उन्होंने बुधनी विधानसभा की सीट से इस्तीफा सौंप दिया। अब यहां पर उपचुनाव हो रहे हैं और इस बार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को खुद ही भाजपा प्रत्याषी रमाकांत भार्गव के समर्थन में प्रचार की कमान संभालनी पड़ रही है। कार्तिकेय सिंह चौहान के भी दौरे कार्यक्रम हो रहे हैं तो वहीं मंत्री, विधायकों सहित संगठन के नेताओं ने भी बुधनी में मोर्चा संभाल रखा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपचुनाव की आचार संहिता से पहले भैरूंदा में बड़ी सभा की थी। इस दौरान उन्होंने कई सौगातें भी दी थी। अब उपचुनाव के बीच में फिर एक बार दोनों नेता साथ में सभा करेंगे।

लोकसभा, विधानसभा के बाद उपचुनाव में भी जीत का इतिहास बनाएंगे पार्टी कार्यकर्ता: विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को बुधनी विधानसभा के बुधनी, सलकनपुर और शाहगंज में मंडल कार्यकर्ताओं से संवाद एवं सम्मेलनों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी-अभी हमने देश में सबसे अधिक सदस्यता करके पार्टी के संगठन पर्व में इतिहास बनाया है। उससे पहले हमने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। हमारे सभी प्रत्यशियों ने बड़े अंतर से जीत हासिल की। विधानसभा चुनाव में भी हमने जीत का इतिहास बनाया था। अब हम सभी कार्यकर्ता बुधनी उपचुनाव में भी हर बूथ पर जीत हासिल करेंगे और विजय का नया इतिहास बनाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री शर्मा ने सलकनपुर में विंध्यवासिनी, विजासन धाम माता मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में जब बुधनी में जनसभा हुई थी, तब कितनी भीड़ उमड़ी थी। जिस दिन हमारे प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने नामांकन दाखिल किया था, तब उस जुलूस में कैसा जनसैलाब उमड़ा था। चुनाव है, तो रैलियां होंगी, सभाएं होंगी लेकिन इन सभी में जो जनसैलाब उमड़ता है, उसे एकत्र करने का काम कार्यकर्ता ही करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव कोई भी हो, उसे जीतने का एक ही मंत्र है कि मेरे सामने बैठे कार्यकर्ता जब पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरते हैं, तो जीत का नया इतिहास बन जाता है। बुधनी विधानसभा में भी हमें जीत का इतिहास बनाना है। हमें हर बूथ पर माइक्रोप्लानिंग करके यह देखना है कि जो वोट हमें लोकसभा या विधानसभा चुनाव में नहीं मिले थे, उन्हें कैसे हम अपने साथ ला सकते हैं। हमें विरोधी दल को मिले हर वोट को अपने साथ लाना है और हर बूथ पर पहले से अधिक वोट हासिल करके जीत का इतिहास रचना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में मि. बंटाढार दिग्विजय सिंह आ रहे हैं। कांग्रेस ने यहां से रिटायरमेंट ले चुके राजकुमार पटेल को प्रत्याशी बनाया है। इस क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक कांग्रेस नेता से मैं यह पूछना चाहता हूं कि 2003 के पहले बुधनी विधानसभा और मध्यप्रदेश की क्या स्थिति थी? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने मध्यप्रदेश में विकास और गरीब कल्याण के नए आयाम खड़े किए हैं। आज मध्यप्रदेश और बुधनी विधानसभा में ऐसा कोई घर नहीं होगा, जहां मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई जनहित की योजनाओं का कोई हितग्राही न हो। अगर हम अपने अल्पसंख्यक भाईयों से भी पूछेंगे कि उनके जीवन में बदलाव कब आया है, तो उनका जवाब होगा जब से मोदी सरकार देश में आई है। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, बहादुर सिंह मुकाती, आशाराम यादव, महेश उपाध्याय, वीर सिंह, सोनम भार्गव, महेन्द्र शर्मा, प्रेमनारायण मीणा सहित जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Potřebujete nějaké skvělé tipy na zlepšení vašeho vaření nebo zahradničení? Na našem webu najdete spoustu užitečných rad a triků, které vám pomohou vytvořit skvělé jídlo nebo krásnou zahradu. Sledujte naše články a objevte nové způsoby, jak využít své potenciál. Zlaté dny pro Jednoduché tajemství dokonalých těstovin: Hlavní chyba, kterou dělá Tipy a triky pro jednoduchý život, chutné recepty a užitečné články o zahradničení – všechno na jednom místě! Objevujte nové způsoby, jak usnadnit si každodenní rutinu, vařit lahodné jídlo a pěstovat úspěšnou zahrádku. Buďte inspirací pro svou rodinu a přátelé s našimi praktickými nápady a informacemi!