विश्व पर्यावरण दिवस: रेहटी नगर परिषद एवं शासकीय कॉलेज में किया गया पौधरोपण
- नगर परिषद ने ’एक पेड़ मां के नाम एवं वूमन फार ट्री अभियान’ के तहत किया पौधरोपण

रेहटी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेहटी में नगर परिषद द्वारा ’एक पेड़ मां के नाम एवं वूमन फार ट्री अभियान’ के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान नगर के शासकीय महाविद्यालय में भी पौधारोपण एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान का आयोजन किया गया। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में पौधे भी रोपे गए।
’एक पेड़ मां के नाम एवं वूमन फार ट्री अभियान’ –
रेहटी नगर परिषद में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ’एक पेड़ मां के नाम एवं वूमन फार ट्री अभियान’ के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान नगर परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, उपाध्यक्ष अर्चना राजीव शर्मा सहित समस्त पार्षदगण, सीएमओ आरके यादव, इंजीनियर बलराम कुशवाह सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों ने नगर परिषद कैंपस में ही पौधरोपण किया। इस दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं को किट का भी वितरण किया गया। नगर परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल ने कहा कि आज जिस तरह से पर्यावरण दूषित हो रहा है और पर्यावरण को दूषित होने से बचाने के लिए पौधरोपण सबसे कारगर उपाय है। सभी लोगों को अपने जन्मदिन, अपने बच्चों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह सहित अन्य अवसरों पर पौधरोपण करना चाहिए। इसकी शुरूआत सभी अपने घरों से करें।
रेहटी महाविद्यालय में प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान का आयोजन-
शासकीय महाविद्यालय रेहटी में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा प्राचार्य डॉ अंजली गढ़वाल के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ पुनीत कुमार मालवी एवं सहायक डॉ दीपक रजने के निर्देशन में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत की गई तथा वृक्षारोपण एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ लेखिका श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है एवं पर्यावरण को स्वच्छ रखना हमारा नैतिक दायित्व है। कार्यक्रम की अध्यक्ष चतुर्थ वर्ष की छात्रा छाया यादव एवं द्वितीय वर्ष के स्वयंसेवक जितेंद्र इवने द्वारा उपाध्यक्ष की भूमिका निभाई एवं उनके द्वारा प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए सभी को जागरूक किया गया। नैक प्रभारी मनोज राठौर ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण की मौजूदा स्थिति के बारे में लोगों को अवगत कराना है, वहीं राजाराम रावते ने बताया कि इस वर्ष की थीम ’प्लास्टिक प्रदूषण को हटाए’ हैं। इस अभियान का उद्देश्य पारिस्थितिकी तंत्र, वन्य जीवन और मानव स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। मंच संचालन करते हुए डॉ पुनीत कुमार मालवी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्ष लगाकर विद्यार्थियों ने संदेश दिया एवं पर्यावरण के पांच तत्वों से हमें आज संकल्प लेने की आवश्यकता है, जिसमें पेड़ लगाएं, प्लास्टिक से दूरी बनाएं, बिजली व पानी की बर्बादी रोके, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें तथा कचरे का रिसाइक्लिंग करें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महाविद्यालयीन स्टाफ मनोज वर्मा, मनमोहन द्विवेदी एवं स्वयंसेवक नीलू धुर्वे, कशिश यादव, अंकिता धनवारे, छाया, चैन सिंह सोलंकी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।