हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान को लेकर बैठक कलेक्टर-एसपी सहित अन्य अधिकारी हुए शामिल

सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान के संबंध में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की। सीहोर कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर बालागुरू के. तथा एसपी दीपक कुमार शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी वीसी में शामिल हुए। वीसी के पश्चात कलेक्टर बालागुरू के. ने हर तिरंगा अभियान के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों तथा अधिक से अधिक गणमान्य नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाए। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में प्रत्येक अनुभाग स्तरीय पर्यटन एवं पुरातत्व संबंधी साइट्स पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 12 अगस्त को जिला मुख्यालय पर मानव श्रृंखला तथा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन तथा 14 अगस्त को मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
इधर प्रदेश के स्कूलों में देश प्रेम, एकता, देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान मनाया जा रहा है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए हैं। यह अभियान प्रदेश के स्कूलों में 3 चरणों में संपन्न हो रहा है। पहला चरण 2 से 8 अगस्त तक संपन्न हो चुका है। दूसरा चरण 9 अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त तक चलेगा। अभियान का तीसरा चरण 13 अगस्त से 15 अगस्त तक होगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने दिए गए निर्देशों में कहा है कि जिलों में स्कूलों के प्राचार्य और शिक्षकों के नेतृत्व में तिरंगे के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाए। बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जानकारी दी जाए। स्कूलों में एनसीसी और एनएसएस यूनिट के माध्यम से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया जाए। तिरंगा पर केन्द्रित बच्चों की रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाए। राष्ट्रीय ध्वज एवं इसके इतिहास पर स्कूलों में व्याख्यान के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। निर्देशों में यह भी कहा गया है कि स्कूलों में होने वाली तिरंगा रैलियों में बच्चों के साथ अधिक से अधिक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। दिए गए निर्देशों में कहा गया है कि विद्यार्थियों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे वेबसाइट पर अपलोड भी किया जाए।