विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा केंद्रीय बजट, विधायक कार्यालय में हुआ सीधा प्रसारण

सीहोर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का सीधा प्रसारण भाजपा विधायक कार्यालय सीहोर में देखा गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की रूपरेखा है। उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान और छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों का विकास सराहनीय है। प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास और जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने से मध्य प्रदेश को सीधा लाभ होगा। बुजुर्गों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था और गंभीर बीमारियों की दवाओं के दाम कम होने से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। वस्त्र उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग हब बनने से प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार और किसानों को लाभ मिलेगा।
आत्मनिर्भर भारत की ओर सशक्त कदमरू विधायक सुदेश राय
सीहोर विधायक सुदेश राय ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री मोदी के चार स्तंभों गरीब, किसान, युवा और महिला को सशक्त बनाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, जलमार्ग और शिक्षा में किए गए निवेश से सीहोर सहित पूरे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। यह बजट भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में शीर्ष पर ले जाने वाला है।
विशेषज्ञ की राय: आर्थिक प्रगति का इंजन
शासकीय महाविद्यालय रेहटी के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत कुमार मालवीय ने बजट का विश्लेषण करते हुए कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्टार्टअप और स्वरोजगार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। छोटे किसानों की आय बढ़ाने और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि की दिशा में यह बजट दूरगामी परिणाम देगा।



