इंदौर-भोपाल हाईवे पर बवाल, राजस्थान के युवकों ने चलाई गोली, आष्टा का युवक घायल

सीहोर। आष्टा थाना अंतर्गत इंदौर-भोपाल हाईवे पर मामूली सी बात पर बवाल हो गया। मामले ने ऐसा तूल पकड़ा कि सरेराह गोलियां चल गईं। बस बात इतनी सी थी कि गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गई। राजस्थान से आए तीन युवकों का पारा इतना चढ़ा कि उन्होंने स्थानीय युवक पर पिस्टल तान दी और सीधे पैर में गोली मार दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना आष्टा के कचनारिया जोड़ के पास की है। सेमनरी के रहने वाले सचिन मेवाड़ा अपनी राह जा रहे थे, तभी राजस्थान (कोटा) नंबर की एक कार से उनकी साइड देने को लेकर बहस हो गई। बहसबाजी बड़ी तो कार सवार युवकों ने आव देखा न ताव, डराने के चक्कर में 32 बोर की पिस्टल निकाली और फायर कर दिया। गोली सचिन के पैर में जा धंसी और वो वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े। सचिन को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गयाए जहां से उनकी हालत देखते हुए उन्हें भोपाल रफर कर दिया गया है।

पुलिस ने जंगल से दबोचा
वारदात के बाद आरोपी अपनी कार लेकर रफूचक्कर हो गए थे। लेकिन पुलिस भी पूरी मुस्तैदी में थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस को आरोपियों की गाड़ी उमरसिंघाई गांव में लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने बेदाखेड़ी के जंगलों में सर्चिंग की और तीनों आरोपियों शेवी खान, शहनवाज उर्फ सोनू और विक्की को धर दबोचा। इनके पास से वही पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
पुराना अपराधी निकला मुख्य आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में से एकए शेवी खान उर्फ अमन तो पहले से ही पुलिस की हिट लिस्ट में है। पता चला है कि वो कोटा राजस्थान में भी हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने तीनों को सलाखों के पीछे डाल दिया है और आगे की पूछताछ कर रही है।



