हाईवे पर युवक को गोली मारने वाला हत्या का फरार आरोपी निकला बाबर
तीनों आरोपियों दर्ज है आधा दर्जन से अधिक मामले

सीहोर। सोमवार को आष्टा थाना अंतर्गत इंदौर-भोपाल हाईवे पर साइड देने की बात पर हुए विवाद और बाद में गोलीबाजी की घटना में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस पड़ताल पर गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ बाबर हत्या का फरार आरोपी निकला है, जो राजस्थान पुलिस से बचने के लिए मध्य प्रदेश के गुना, भोपाल होते हुये इंदौर के लिए निकले ओर आष्टा थाना अंतर्गत की गयी गोलीबारी की बारदात मे दबोचे गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी अमन उर्फ बाबर अत्यंत दुर्दांत एवं शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके द्वारा जिला कोटा एवं जिला बारा राजस्थान में एक दर्जन से अधिक गंभीर अपराध कारित किए गए हैं। आरोपी अमन के विरुद्ध हत्या के प्रयास के कुल 04 प्रकरण पंजीबद्ध हैं, वहीं थाना कोतवाली जिला बारा में वर्ष 2025 में हत्या का अपराध भी दर्ज है। उक्त हत्या की घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था तथा फरारी के दौरान ही पुन: थाना कोतवाली जिला बारा राजस्थान क्षेत्र में बंदूक से फायर कर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया गया। इस प्रकरण में भी आरोपी वर्तमान में फरार घोषित था।
तीनों आरोपियों पर मामले दर्ज
आरोपी अमन के विरुद्ध मध्यप्रदेश के जिला श्योपुर थाना देहात में वर्ष 2023 में धारा 307 आईपीसी एवं 25 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत बंदूक के उपयोग से हत्या के प्रयास का प्रकरण भी पंजीबद्ध है, जिसमें आरोपी अमन की गिरफ्तारी होना शेष भी है। वर्तमान में आरोपी अमन थाना कोतवाली जिला बारा राजस्थान में वर्ष 2025 से हत्या एवं हत्या के प्रयास के मामलों में वांटेड है। संबंधित थानों को लंबित प्रकरणों में गिरफ्तारी हेतु सूचित किया गया है।
सह आरोपी शहनवाज अंसारी उर्फ सोबू के विरुद्ध जिला कोटा के थाना कोटा शहर में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती एवं आम्र्स एक्ट के कुल 09 गंभीर प्रकरण पंजीबद्ध पाए गए हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित हैं। तीसरे आरोपी विक्की उर्फ राजा के विरुद्ध थाना कोतवाली जिला बारा राजस्थान में वर्ष 2022 में धारा 307 आईपीसी एवं आम्र्स एक्ट के कुल 02 प्रकरण पंजीबद्ध पाए गए हैं, जो न्यायालय में लंबित हैं।
पुलिस पूछताछ में उजागर हुए मामले
आष्टा पुलिस द्वारा अनुसंधान के दौरान तीनों आरोपियों से बारीकी से पूछताछ की गई तथा उनके स्थानीय निवास एवं आसपास के जिलों के थानों से संपर्क कर कड़ी मेहनत एवं परिश्रम से इन कुख्यात आरोपियों का विस्तृत आपराधिक रिकॉर्ड संकलित किया गया, जिसे थाना आष्टा में पंजीबद्ध हत्या के प्रयास के प्रकरण में संलग्न किया गया है। राजस्थान राज्य के विभिन्न थानों में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु सभी संबंधित थानों को थाना आष्टा में हुई गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार अग्रिम कार्यवाही राजस्थान पुलिस द्वारा की जाएगी।
सीहोर जेल भेजे गए आरोपी
थाना आष्टा पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को न्यायालय आष्टा मे कड़ी पुलिस सुरक्षा में पेश किया गया. न्यायालय द्वारा तीनों आरोपियों का जेल वारंट बनाया गया व आरोपियों को जिला जेल सीहोर दाखिल किया गया।



