सीहोर में पहली बार दिखेंगी एआई तकनीक वाली झांकियां, 8 राज्यों के कलाकार सजाएंगे बाबा की बारात: राजीव गुजराती

सीहोर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर में निकलने वाली भगवान भोलेनाथ की भव्य शिव बारात इस वर्ष ऐतिहासिक और अलौकिक होगी। शिवरात्रि उत्सव समिति के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस चल समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
चल समारोह के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार शिव बारात में तकनीक और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नगर के इतिहास में पहली बार एआई मॉडल आधारित झांकियां निकाली जाएंगी, जो आकर्षण का केंद्र होंगी।
15 फरवरी को शाम 5 बजे से शुरू होगा कारवां
राजीव गुजराती ने बताया कि शिव बारात 15 फरवरी को शाम 5 बजे श्री बटेश्वर महादेव इंदौर नाका से प्रारंभ होगी। यह भव्य यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कस्बा स्थित श्री काशीपति विश्वनाथ मंदिर हनुमान फाटक पहुंचेगी, जहां बाबा की विशेष पूजा.अर्चना के साथ समारोह संपन्न होगा।
देशभर के कलाकारों का लगेगा जमावड़ा
अध्यक्ष श्री गुजराती के अनुसारए इस वर्ष 8 राज्यों के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें दिल्ली का विशाल अघोरी ग्रुप, जम्मू का नवाब विनय आर्ट ग्रुप और उज्जैन का भस्म रमैया भक्त मंडल। वृंदावन की रासलीला, राजस्थान का घूमर, पंजाब का गतका अखाड़ा और छिंदवाड़ा का शिव कन्या ढोल ग्रुप। भक्तों को 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ बाबा महाकाल की लाइव भस्म आरती और आदि योगी स्वरूप की भव्य प्रतिमा देखने को मिलेगी।
आठ पॉइंट पर होगी विशेष प्रस्तुतियां
समिति के संस्थापक लोकेश सोनी ने बताया कि कलाकारों के प्रदर्शन के लिए पूरे मार्ग में 8 विशेष पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। आयोजन में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर उनका स्वागत किया जाएगा।
भक्तों से शामिल होने की अपील
समिति के प्रमुख संरक्षक सन्नी महाजन, संस्थापक लोकेश सोनी और अध्यक्ष राजीव गुजराती सहित पूरी टीम कमलेश अग्रवाल, पंकज गुप्ता, ऋषि सोनी आदि ने समस्त धर्मप्रेमी जनता और माताओं-बहनों से इस भव्य शिव बारात में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।



