अवैध रेत उत्खनन पर रेहटी में बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने जब्त कीं चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां

सीहोर। जिला प्रशासन ने अवैध उत्खनन करने वाले रेत माफियाओं के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार शनिवार को रेहटी और बुधनी क्षेत्र में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रेत का परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया है।
नर्मदा तटीय क्षेत्रों से जुड़े रेहटी और बुधनी इलाके में अवैध रेत परिवहन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अमले ने अचानक दबिश दी। संयुक्त दल ने घेराबंदी कर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका। वाहन चालक रेत परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पेश नहीं कर सके, जिसके बाद टीम ने तत्काल प्रभाव से चारों वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
भैरूंदा थाने की अभिरक्षा में वाहन
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए चारों ट्रैक्टर ट्रॉलियों को सुरक्षा के मद्देनजर भैरूंदा थाने की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया है। जिला खनिज अधिकारी धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि इन वाहन स्वामियों के खिलाफ खनिज नियमों और मप्र खनिज अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण नियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
माफियाओं में हडक़ंप, कार्रवाई रहेगी जारी
कलेक्टर के कड़े रुख के बाद जिले भर में अवैध उत्खनन को लेकर राजस्व और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। विशेषकर रेहटी और बुधनी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में टीम की पैनी नजर है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिजों का अवैध दोहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह की प्रभावी कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।



