शहर की सुंदरता से समझौता नहीं, गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना: नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर

सीहोर। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सर्वसुविधायुक्त बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद विकास कार्यों को गति दे रही है। इसी कड़ी में शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने वार्ड 7 में 19 लाख की लागत से होने वाले सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि शहर को गंदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और गंदगी फैलाने वालों पर अब भारी जुर्माना लगाने के साथ ही कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
वार्ड क्रमांक 7 के अंतर्गत शिवाजी कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीसी रोड का शुभारंभ करते हुए नपाध्यक्ष श्री राठौर ने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सडक़ का निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का अमला शहर की स्वच्छता को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वच्छता मित्रों के साथ ही कचरा गाडिय़ों के फेरे भी सुनिश्चित किए गए हैं।
इन क्षेत्रों में बनेंगी सडक़ें
वार्ड पार्षद विजेंद्र परमार ने बताया कि नपाध्यक्ष द्वारा वार्ड के विकास के लिए बड़ी सौगात दी गई है। भूमिपूजन के बाद अब शिवाजी कॉलोनी में जितेंद्र कुशवाह के घर से मालवीय के घर तकए शिव मंदिर से गोविंद गीते के घर तक और गोपाल कुशवाह से राम सिंह के घर तक सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू होगा। सडक़ बनने से रहवासियों को कीचड़ और ऊबड़ खाबड़ रास्तों से निजात मिलेगी।
शुद्ध पेयजल पर भी दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान श्री राठौर ने स्वच्छता के साथ साथ शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की। उन्होंने जल प्रभारी को निर्देशित किया कि वार्डों में पानी की सप्लाई सुचारू रहे और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।



