रुद्राक्ष महोत्सव: कलेक्टर बोले- ड्यूटी को ड्यूटी नहीं, सेवा भाव से निभाएं

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में चल रहे रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दूर दराज से आए श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसे केवल शासकीय कार्य न समझें, बल्कि भक्तों की सेवा करने के एक पुण्य अवसर के रूप में देखें।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात अमले को हिदायत दी कि किसी भी हाल में अपनी लोकेशन न छोड़े। उन्होंने जोर दिया कि चूंकि श्रद्धालु लंबी दूरी तय कर आस्था के साथ यहां पहुंच रहे हैं इसलिए हर अधिकारी-कर्मचारी का व्यवहार उनके प्रति अत्यंत विनम्र और सहयोगात्मक होना चाहिए।
चप्पे-चप्पे पर नजर, मूलभूत सुविधाओं का पुख्ता इंतजाम
कलेक्टर बालागुरू ने गर्मी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए पेयजल की सतत आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। टैंकरों और पाइपलाइनों की 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पानी के लिए भटकना न पड़े। यातायात पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव न बढ़े। पार्किंग को इस तरह व्यवस्थित किया गया है कि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ को स्टैंडबाय पर रखा गया है। अस्पताल में जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने को कहा गया है।
24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम
भक्तों की किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय कर दिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ श्रद्धालुओं की शिकायतों को सुनें और तुरंत राहत पहुंचाएं। कुबेरेश्वर धाम आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित महसूस करे और बिना किसी बाधा के पूजन व कथा श्रवण का लाभ ले सके।



