
सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी स्थित केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (सीएफएमटीटी) में आयोजित राष्ट्रीय उन्नत कृषि यंत्रीकरण प्रदर्शनी में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बुधनी की इस पावन धरा के कण-कण में कृषि का कौशल विद्यमान है। उन्होंने कहा कि यहां जो प्रदर्शनी लगाई गई है, यह हमारे देश की कृषि की तकनीकी से समृद्धि तक की यात्रा का उदाहरण है। हमारा भारत वह देश है जिसने दुनिया को खेती करना सिखाया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने बुधनी में एग्रीकल्चर कॉलेज खोलने की घोषणा भी की।
कृषि अर्थव्यवस्था की रीढ़ है-
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आज भी कृषि हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा है। यदि किसानों की आय बढ़ाना है तो यह केवल परंपरागत तकनीकों से संभव नहीं है, इसके लिए हमें खेती में उन्नत एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र को मशीनों के प्रयोग का, प्रदर्शन का और किसानों के लिए प्रशिक्षण का देश का सबसे प्रमुख सेंटर बनाया जाएगा। यह एक ऐसा संस्थान है, जो कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि सभी किसानों को खेती के लिए आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे लागत कम हो और उत्पादन अधिक हो सके। उन्होंने कहा कि उत्पादन अधिक हो सके, इसके लिए प्रयोगशालाओं में उच्च गुणवत्ता के बीज तैयार किए जा रहे हैं। बेहतर उत्पादन के लिए बेहतर बीजों की आवश्यकता होती है, इसलिए बुधनी में नेशनल सीड्स कॉर्पाेरेशन के माध्यम से एक बीज प्रोसेसिंग सेंटर बनाया जाएगा, जो नए-नए बीज तैयार करेगा और किसानों को उपलब्ध कराएगा।
ये रहे मौजूद –
कार्यक्रम में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक राजीव सिंह, रघुनाथ भाटी, रवि मालवीय, निर्मला बारेला, संयुक्त सचिव भारत सरकार सुश्री रुक्मणी सुंदरम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, स्व-सहायता समूह की दीदियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ किए मां विजयासन के दर्शन, सुख-समृद्धि की कामना भी की-
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ प्रसिद्ध देवी धाम मां विजयासन देवी मंदिर सलकनपुर पहुंचकर मातारानी के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर के ब्राह्म्णों द्वारा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई गई। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति के लिए मां से प्रार्थना की और आशीर्वाद लिया। यहां बता दें कि शिवराज सिंह चौहान प्रत्येक नवरात्रि में मां विजयासन धाम के दरबार में पहुंचकर हाजिरी लगाते हैं एवं देश-प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना भी करते हैं। इस बार भी वे अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ यहां पहुंचे और दर्शन किए। इससे पहले सलकनपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की भव्य अगवानी की गई। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत, सत्कार किया। इसके बाद वे उपर दर्शन के लिए पहुंचे।



