Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

शादी की दावत बनी मुसीबत, 200 बीमार….

सीहोर। खुशियों के माहौल में उस वक्त मातम जैसी स्थिति बन गई, जब इछावर के ग्राम बावडिय़ा नौआबाद में एक विवाह समारोह का भोजन लोगों के लिए जहर बन गया। बुधवार रात मेवाड़ा परिवार के यहां आयोजित प्रीतिभोज में शामिल लगभग 200 से अधिक लोग एक साथ बीमार पड़ गए। हालत यह थी कि इछावर स्वास्थ्य केंद्र के गलियारे मरीजों से भर गए और बेड कम पडऩे पर प्रशासन को आनन फानन में इमरजेंसी सेवाएं बहाल करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार बंसीलाल के यहां आयोजित इस शादी में करीब 1200 लोगों ने खाना खाया था। भोजन के कुछ ही घंटों बाद मेहमानों को तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमारों का तांता लग गया। गांव से लेकर अस्पताल तक एम्बुलेंस और निजी वाहनों की दौड़ शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से जिले के उन डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को ड्यूटी पर वापस बुलाया जो छुट्टी पर थे।
बुजुर्गों के लिए भारी पड़ी दावत
इस पूरी घटना में सबसे चिंताजनक बात यह रही कि संक्रमण का सबसे घातक असर बुजुर्गों पर देखा गया। पाचन शक्ति कमजोर होने के कारण बढ़ी उम्र के लोगों की हालत तेजी से बिगड़ी। प्राथमिक उपचार के बाद हालांकि 50 लोगों को घर भेज दिया गया, लेकिन 15 गंभीर मरीजों का अभी भी इछावर में इलाज चल रहा है और 2 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कुछ संपन्न परिवारों ने बेहतर इलाज की उम्मीद में अपने परिजनों को निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया है।
एक्शन मोड में प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और खाद्य विभाग की टीम ने रात में ही मोर्चा संभाल लिया। टीम ने शादी के मेन्यू में शामिल सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि गर्मी या दूध से बनी किसी मिठाई के खराब होने की वजह से यह स्थिति बनी होगी।
अब रिपोर्ट का इंतजार
इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के अनुसार पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में तैनात हैं। प्राथमिकता सभी को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। सैंपल्स की रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण के असली कारण का खुलासा होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button