Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

धूमधाम से मनाया जाएगा भगवान परशुराम प्रकटोत्सव, भव्य चल समारोह के लिए विप्रजनों ने कसी कमर

सीहोर। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज के आराध्य भगवान परशुराम का प्रकटोत्सव इस वर्ष भी पूरी आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की भव्यता और जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ब्राह्मण समाज द्वारा घर-घर दस्तक देकर आमंत्रण पत्रों का वितरण किया जाएगा। मंगलवार को इस अभियान की शुरुआत करते हुए विप्रजनों ने शुगर फैक्ट्री स्थित प्राचीन गणेश मंदिर पहुंचकर प्रथम आमंत्रण पत्र भगवान श्रीगणेश के चरणों में समर्पित किया और कार्यक्रम की निर्विघ्न संपन्नता की प्रार्थना की।
समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा और चल समारोह अध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में इस वर्ष के प्रकटोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। समाज के कार्यकारी अध्यक्ष सुदीप व्यास और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में शहर की सभी कॉलोनियों और सेक्टरों में ब्राह्मण परिवारों की बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज के हर सदस्य को इस उत्सव से जोड़ा जा सके।
पूजन से लेकर भव्य शोभायात्रा तक
समाज के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित और पंडित सुनील शर्मा ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की, जिसमें बताया कि 20 अप्रैल जयंती दिवस पर सुबह 10 बजे शहर के खजांची लाइन स्थित धर्मशाला में भगवान परशुराम की विशेष पूजन-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात महिला मंडल द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 26 अप्रैल को शहर के प्रमुख मार्गों से भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में विप्रजन शामिल होंगे।
बुधवार से शुरू होगा निमंत्रण वितरण
भगवान गणेश को निमंत्रण देने के बाद अब बुधवार शाम 5 बजे से खजांची लाइन क्षेत्र में सभी विप्रजन एकत्रित होंगे। यहां से टोली बनाकर घर-घर जाकर पीले चावल और आमंत्रण पत्र वितरित किए जाएंगे। प्रथम निमंत्रण अर्पित करने के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष मनोहर शर्मा, कोषाध्यक्ष रुपेश तिवारी, युवा अध्यक्ष रजत व्यास, चल समारोह युवा अध्यक्ष तनिष त्यागी सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा साथी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button