कलेक्टर के सख्त निर्देश, जनता की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

सीहोर। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का निराकरण त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य कर्तव्य जनता को राहत पहुंचाना है, इसलिए कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत श्रीमती सर्जना यादव सहित जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती जिलेभर में गरिमा के साथ मनाई जाए। इस अवसर पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर बाबा साहेब के जीवन, लोकतंत्र और संविधान निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी जाए। साथ ही नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने को कहा गया।
किसानों की सुविधा सर्वोपरि
गेहूं खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में बताया गया कि 13 अप्रैल तक 737 किसानों से 3283 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। खाद वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए ई-टोकन प्रणाली अनिवार्य की गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि केंद्रों पर छाया, पानी और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित हो। पर्यावरण सुरक्षा के लिए नरवाई जलाने वालों पर सेटेलाइट से नजर रखी जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
पेयजल का विशेष ध्यान
भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने पशुओं और नागरिकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए, सभी जनपद सीईओ को निर्देश दिए गए कि गौशालाओं में गायों के लिए पर्याप्त चारा और पानी उपलब्ध रहे। अधिकारी स्वयं केंद्रों का भ्रमण करें। ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिन पंचायतों में पानी के बिल लंबित हैं, वहां किस्तों में वसूली के निर्देश दिए गए ताकि नल-जल योजनाएं सुचारू रूप से चलती रहें।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
जल गंगा संवर्धन: इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने और नई जल संरचनाओं को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
संकल्प से समाधान: सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा गया।
ई-केवाईसी: आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समग्र ई.केवाईसी कार्य में तेजी लाने और विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।



