Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

लाडक़ुई में घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में खुलासा

सीहोर। भैरुंदा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लाडक़ुई कस्बे में हुई चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी श्याम सिंह ठाकुर निवासी लाडक़ुई ने 15 अप्रैल को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 और 13 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर की छत पर लगे टीन के चद्दर हटाकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे दो भारत गैस के सिलेंडरए एक पीतल की छोटी बटलोई और करीब 40 किलो वजनी एक पुस्तैनी बड़ा पीतल का हंडा चोरी कर लिया था। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 7 हजार रुपये बताई गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए चोर
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में लाडकुई चौकी की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को अभिरक्षा में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों मेंं शिवराज वर्मा निवासी मुनेड़ रोड लाडक़ुई, राहुल बनवारी निवासी हरिजन मोहल्ला लाडक़ुई (इसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं) और कपिल कुमार गोयल निवासी लाडक़ुई शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल बनवारी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। इसके चलते उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में भैरुंदा थाना प्रभारी घनश्याम दांगी, उपनिरीक्षक राजेश यादव, प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, आरक्षक बसंत मीणा और प्रकाश नर्रे की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button