Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

विधायक रमाकांत भार्गव ने महिलाओं के साथ सुना प्रधानमंत्री का संबोधन, बोले- कांग्रेस ने ठीक नहीं किया

विधायक रमाकांत भार्गव ने महिलाओं के साथ सुना प्रधानमंत्री का संबोधन, बोले- कांग्रेस ने ठीक नहीं किया
– भाजपा जिलाध्यक्ष की जानकारी नहीं, विधायक सुदेश राय ने पार्टी कार्यालय में सुना
सीहोर। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल गिरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को दिए गए संबोधन को भाजपा के नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, कार्यकर्ताओं सहित आमजनों ने भी सुना। इस दौरान किसी ने घर में बैठकर, किसी ने कार्यकर्ताओं के बीच तो किसी ने सफर में संबोधन को सुना। बुधनी विधानसभा से विधायक रमाकांत भार्गव ने शाहगंज स्थित अपने कार्यालय में महिलाओं के साथ बैठकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। दरअसल महिला आरक्षण से जुड़ा बिल गिरने के बाद प्रधानमंत्री ने इसी विषय पर संबोधन भी दिया। विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि कांग्रेस की नीति हमेशा से महिला विरोधी रही है। उनकी सरकारों में महिलाओं के लिए कोई योजनाएं नहीं थीं, महिलाएं शोषित होती रहीं। उनकी आज भी यही सोच है। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने बिल का समर्थन करके ठीक नहीं किया। बिल गिरने से महिलाओं के अधिकारों पर भी कटौती हुई है।
जिलाध्यक्ष की जानकारी नहीं, सुदेश राय रहे कार्यालय में मौजूद-
इधर सीहोर भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कार्यक्रम सुना या नहीं इसकी कोई जानकारी नहीं है। सीहोर विधायक सुदेश राय ने अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ में बैठकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान पूर्व महामंत्री राजकुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुदेश राय ने कहा कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने महिलाओं के लिए लाए गए आरक्षण बिल का समर्थन नहीं किया है। इससे उनकी मानसिकता समझ में आती है। हमारे देश की महिलाएं ही इन विरोधियों को सबक सिखाएंगी। कांग्रेस ने महिलाओं के हित में कोई कार्य नहीं किए और अब इस बिल का भी समर्थन नहीं किया। इधर भाजपा उपाध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी सहित अन्य नेताओं ने भी प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button