Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बुधनी से लौट रही टवेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत, 5 की मौत

सीहोर। नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक सडक़ हादसा हो गया। बुधनी में एक शादी समारोह की खुशियां मनाकर लौट रहे महेंद्रवाड़ी और माखननगर के ग्रामीणों की टवेरा गाड़ी आंचलखेड़ा के पास अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में टवेरा सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार माखननगर तहसील के ग्राम महेंद्रवाड़ी निवासी राघवेंद्र मोरप्पा की शादी बुधनी में आयोजित थी। गांव के रिश्तेदार और परिचित टवेरा गाड़ी में सवार होकर विवाह समारोह में शामिल होने बुधनी आए थे। रात करीब 1 बजे जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी आंचलखेड़ा के पास सामने से आ रही अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रॉस करते समय टवेरा ट्रॉली के साइड से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए और वाहन में चीख-पुकार मच गई।
दूल्हे के भतीजे और बीटेक छात्र की मौत
इस हादसे ने कई परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। मृतकों में 18 वर्षीय शुभम मोरप्पा भी शामिल है, जो दूल्हे राघवेंद्र का सगा भतीजा था। वहीं बीटेक की पढ़ाई कर रहे 19 वर्षीय साहिल यादव और उनके बड़े पापा हरे सिंह यादव की भी इस दुर्घटना में जान चली गई।
हादसे में जान गंवाने वाले
शुभम मोरप्पा (18) निवासी महेंद्रवाड़ी
विनीत यादव (22) निवासी महेंद्रवाड़ी
साहिल यादव (19) निवासी महेंद्रवाड़ी
हरि सिंह यादव (57) निवासी महेंद्रवाड़ी
संतोष प्रजापति निवासी माखननगर
7 घायल, अस्पताल में मची अफरा तफरी
हादसे के बाद ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में अमन यादव, विनोद उइके, भारत यादव, आकाश इवने, देवांश इवने, सुमित मोरप्पा और राजेश धुर्वे शामिल हैं। इनमें से अमन यादव की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। सूचना मिलते ही रात में ही अस्पताल परिसर में मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button